20 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, बिहार-UP में आंधी का खतरा.. 70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग ने 8 सितंबर को देश के 20 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-NCR, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. यूपी और बिहार में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं. मध्य प्रदेश के 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
फिर से मॉनसून एक्टिव हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 8 सितंबर को देश के 20 राज्यों में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज बारिश और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. दिल्ली-NCR के अलावा बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है. IMD के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली और आसपास के NCR जिलों नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में हल्की बारिश और कुछ जगह गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
वहीं, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी, बहराइच, बलरामपुर, आगरा, कानपुर, सीतापुर, हरदोई, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, गोंडा, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया और गोरखपुर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. IMD के मौसम अलर्ट के मुताबिक, मंगलवार को बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी चलने की संभावना है. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, गया, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय समेत कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है. इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
झारखंड के 11 जिलों में भी अलर्ट
बिहार के पड़ोसी झारखंड में भी भारी बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. जमशेदपुर, दुमका, पलामू, चतरा, बोकारो, देवघर, गुमला, गोड्डा, हजारीबाग, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में तेज हवाएं चल सकती हैं. यहां हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज आंधी चल सकती है. अनंतनाग, कुपवाड़ा, जम्मू, पुंछ, रियासी, किश्तवाड़ और बारामूला में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
हिमाचल के 8 जिलों में भी बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, किन्नौर, चंबा, सोलन, हमीरपुर और बिलासपुर में मध्यम बारिश और आंधी की संभावना है. यहां तेज हवाएं 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी चलने की संभावना है. हावड़ा, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व बर्धमान, बांकुड़ा, अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग, कूचबिहार, दुर्गापुर, बीरभूम और कोलकाता में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
पंजाब के कई इलाकों में भी बारिश और आंधी का अलर्ट
पंजाब के फिरोजपुर, संगरूर, होशियारपुर, कपूरथला, चंडीगढ़, लुधियाना, अमृतसर, गुरदासपुर, बठिंडा, बरनाला और फरीदकोट में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी की चेतावनी जारी की गई है. इन इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. IMD के मुताबिक, मंगलवार को राजस्थान के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. बारां, सवाई माधोपुर, चूरू, कोटा, करौली, धौलपुर, उदयपुर, भरतपुर और जयपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
मध्य प्रदेश के 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी
वहीं, मध्य प्रदेश के 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. सिवनी, अनूपपुर, दमोह, विदिशा, नर्मदापुरम, खरगोन, बैतूल, मंडला, शहडोल, खंडवा, नरसिंहपुर, देवास, हरदा, इंदौर और सागर में बारिश और आंधी की संभावना है. यहां तेज हवाएं 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती है.