अगले 24 घंटे भारी! UP-बिहार से दिल्ली तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट, 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Weather Update Today: अगले 24 घंटे उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट है. उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में तेज हवाओं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ बारिश हो सकती है. पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड का खतरा है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 6 Sep, 2026 | 07:11 AM

Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है. लगातार बारिश के कारण गंगा समेत कई नदियों का जलस्तर भी बढ़ सकता है. वहीं, पहाड़ी राज्यों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश के कारण लैंडस्लाइड और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी का खतरा बना हुआ है.

दिल्ली-NCR में बारिश से जनजीवन प्रभावित

दिल्ली-NCR में हाल की तेज बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी है और खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ सकता है. मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत आसपास के क्षेत्रों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. बारिश के बाद दिल्ली का न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले 3.4 डिग्री कम रहा. IMD ने दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए येलो से ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही पश्चिम उत्तर प्रदेश में 5 और 6 सितंबर को व्यापक रूप से बारिश का अनुमान है.

राजस्थान में कई जिलों में भारी बारिश

राजस्थान में भी मॉनसून का असर तेज बना हुआ है. राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई. धौलपुर जिले के सैपऊ में सबसे ज्यादा 107 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. दौसा, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, बारां और झालावाड़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई. इसके अलावा जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. पूर्वी राजस्थान में 6 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अनुमान है. पश्चिमी राजस्थान में श्रीगंगानगर, चूरू, डीडवाना-कुचामन और नागौर में भी कई जगह बारिश हुई.

तमिलनाडु में भी बारिश का दौर

तमिलनाडु के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है. पश्चिमी घाट और दक्षिणी तमिलनाडु के कुछ इलाकों में बारिश का असर ज्यादा रह सकता है. दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी-वायु चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके असर से मदुरै, शिवगंगा, रामनाथपुरम और विरुधुनगर में कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है. पुडुचेरी और कराईकल में भी हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है. 6 से 8 सितंबर के बीच इन क्षेत्रों में कुछ जगहों पर बारिश जारी रह सकती है.

पश्चिम बंगाल में सोमवार तक बारिश

पश्चिम बंगाल के उत्तर और दक्षिणी हिस्सों में सोमवार तक मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के ऊपर लो प्रेशर सिस्टम सक्रिय है. इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ट्रफ राजस्थान से मणिपुर तक उत्तर बंगाल से होकर गुजर रही है. इसके असर से कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अगले 24 घंटे के दौरान मुर्शिदाबाद में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

पूर्वोत्तर में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा

पूर्वोत्तर भारत में भी मॉनसून सक्रिय बना हुआ है. सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भी तेज बारिश का अनुमान है. बारिश के दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. लगातार और तेज बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है.

महाराष्ट्र से दक्षिण भारत तक अलर्ट

स्काईमेट के अनुसार, महाराष्ट्र और गुजरात के अलावा पश्चिमी घाट के कई हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी भारी बारिश की संभावना है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़