आने वाले समय में चाय भी महंगी हो सकती है, क्योंकि इसके उत्पादन में भारी गिरावट आई है. जुलाई 2026 के दौरान देश में चाय का उत्पादन करीब 10 फीसदी घटकर 16.4 करोड़ किलो रह गया. ज्यादा बारिश और बाढ़ का सबसे ज्यादा असर चाय के प्रमुख उत्पादक राज्यों असम और पश्चिम बंगाल में देखने को मिला. हालांकि, दक्षिण भारत में चाय उत्पादन में करीब 18 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. टी बोर्ड के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश के सबसे बड़े चाय उत्पादक राज्य असम में जुलाई में उत्पादन 13 फीसदी घटकर 9.108 करोड़ किलो रह गया. पिछले साल जुलाई में यहां 10.5 करोड़ किलो चाय का उत्पादन हुआ था.
बिजनेसलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, असम वैली क्षेत्र में भी चाय उत्पादन 12.7 फीसदी घटकर 8.696 करोड़ किलो रह गया, जबकि जुलाई 2025 में यह 9.966 करोड़ किलो था. वहीं, कछार क्षेत्र में उत्पादन करीब 23 फीसदी घटकर 41.2 लाख किलो रह गया. पिछले साल जुलाई में यहां 53.4 लाख किलो चाय का उत्पादन हुआ था.
पश्चिम बंगाल में भी चाय उत्पादन 14 फीसदी घटा, भारी बारिश का असर
जुलाई में असम के कुछ हिस्सों और उत्तर बंगाल में भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बनी थी. इसका असर चाय उत्पादन पर भी पड़ा. पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में जुलाई 2026 के दौरान चाय उत्पादन 14 फीसदी घटकर 4.387 करोड़ किलो रह गया, जबकि पिछले साल इसी महीने में 5.096 करोड़ किलो चाय का उत्पादन हुआ था. पश्चिम बंगाल के डूअर्स क्षेत्र में उत्पादन 13 फीसदी घटकर 2.483 करोड़ किलो रहा. वहीं, तराई क्षेत्र में चाय उत्पादन 15 फीसदी घटकर 1.823 करोड़ किलो रह गया.
उत्तर भारत में चाय उत्पादन 16 फीसदी गिरा
दार्जिलिंग में भी भारी बारिश का असर दिखा. यहां जुलाई में चाय उत्पादन 15 फीसदी घटकर 8.1 लाख किलो रह गया, जबकि पिछले साल 9.5 लाख किलो उत्पादन हुआ था. उत्तर भारत के दूसरे चाय उत्पादक राज्यों में भी उत्पादन 16 फीसदी घटकर 48.2 लाख किलो रह गया. पिछले साल जुलाई में इन राज्यों में 57.3 लाख किलो चाय का उत्पादन हुआ था.
तमिलनाडु में चाय उत्पादन 22 फीसदी बढ़ा, केरल में मामूली तेजी
उत्तर भारत में भारी बारिश और बाढ़ के कारण चाय उत्पादन घटने के बीच दक्षिण भारत के तीनों प्रमुख चाय उत्पादक राज्यों में उत्पादन बढ़ा है. तमिलनाडु में जुलाई 2026 के दौरान चाय उत्पादन 22 फीसदी बढ़कर 1.945 करोड़ किलो हो गया, जबकि पिछले साल जुलाई में यह 1.592 करोड़ किलो था. केरल में चाय उत्पादन मामूली बढ़कर 47 लाख किलो हो गया, जो पिछले साल 46.4 लाख किलो था. वहीं, कर्नाटक में उत्पादन 41 फीसदी बढ़कर 4.1 लाख किलो पहुंच गया. पिछले साल जुलाई में यहां 2.9 लाख किलो चाय का उत्पादन हुआ था. देशभर में जुलाई के दौरान CTC चाय का उत्पादन 14.31 करोड़ किलो रहा. वहीं, ऑर्थोडॉक्स चाय का उत्पादन 1.876 करोड़ किलो और ग्रीन टी का उत्पादन 24.7 लाख किलो रहा.