मॉनसून फिर दिखाएगा रौद्र रूप, मध्य-पूर्वी भारत में भारी बारिश.. 15 राज्यों के लिए IMD का अलर्ट

IMD ने 2 सितंबर को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मध्य भारत में कुछ जगह भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तराखंड और हिमाचल में भी बारिश की संभावना है. अगले सात दिनों तक कई राज्यों में मॉनसून सक्रिय रहने का अनुमान है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 2 Sep, 2026 | 07:00 AM

देश के कई हिस्सों में 2 सितंबर को बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है. इसके अलावा उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, गंगीय पश्चिम बंगाल और इससे सटे उत्तर तटीय ओडिशा, झारखंड और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक स्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके अगले 48 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है. यह सिस्टम उत्तर ओडिशा और झारखंड से होकर आगे बढ़ सकता है, जिससे इन इलाकों के साथ आसपास के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.

मौसम विभाग के मुताबिक, यही सिस्टम मध्य और पूर्वी भारत में हो रही व्यापक बारिश की मुख्य वजहों में से एक है. वहीं, पहाड़ी राज्यों में भी मॉनसून फिर सक्रिय होने वाला है. उत्तराखंड समेत कई पहाड़ी इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने और तेज बारिश होने की संभावना है. IMD के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय, बिहार, हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम-त्रिपुरा, ओडिशा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.

सितंबर की शुरुआत में भी जारी रहेगी बारिश

मौसम विभाग के अगले सात दिनों के पूर्वानुमान से साफ है कि बारिश का यह दौर अभी तुरंत खत्म होने वाला नहीं है. सितंबर के शुरुआती दिनों में भी कई राज्यों में बारिश जारी रहने की संभावना है. पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सितंबर के शुरुआती कुछ दिनों तक कई इलाकों में बारिश होने का अनुमान है. वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 2 सितंबर से बारिश का दायरा और बढ़ सकता है और कई हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना है.

दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

2 सितंबर को दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक और बिजली  गिरने की भी आशंका है. पंजाब में भी कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और गरज-चमक हो सकती है. उत्तर प्रदेश में भी मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है. राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहले से ही अच्छी बारिश हो रही है. IMD के मुताबिक, 1 सितंबर को पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई.

पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना है. वहीं, अरुणाचल प्रदेश समेत पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।

दक्षिण भारत में बारिश का दायरा रहेगा सीमित

दक्षिण भारत के ज्यादातर हिस्सों में 2 सितंबर को बारिश का असर अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है. IMD के मुताबिक, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि, तटीय कर्नाटक में कई जगहों पर बारिश होने और कुछ इलाकों में व्यापक बारिश की संभावना है. पश्चिमी भारत की बात करें तो कोंकण और गोवा में मौसम गीला बना रहेगा और कई जगहों पर बारिश हो सकती है. वहीं, गुजरात, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों और मराठवाड़ा में छिटपुट बारिश होने का अनुमान है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 2 Sep, 2026 | 06:54 AM

लेटेस्ट न्यूज़