मॉनसून फिर हुआ एक्टिव, 22 राज्यों में भारी बारिश.. 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय है. IMD ने 7 सितंबर को यूपी और बिहार समेत 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई जगह 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली में मध्यम बारिश, जबकि पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा है. बिहार, झारखंड, पंजाब और राजस्थान में भी भारी बारिश की संभावना है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 7 Sep, 2026 | 07:04 AM

देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 सितंबर को उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इससे पेड़ और बिजली के खंभे गिरने का खतरा है. भारी बारिश से खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है. पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. वहीं, पूर्वी राज्यों में बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश होने की भी संभावना है.

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चक्रवाती परिसंचरण बन रहा है. वहीं, दक्षिणी तेलंगाना से लेकर गल्फ ऑफ मन्नार तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है. इसके असर से कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका है.

दिल्ली और यूपी में कैसा रहेगा मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 7 सितंबर को मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. वहीं,  उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है. इनमें गौतम बुद्ध नगर, मुरादाबाद, गाजियाबाद, मेरठ, पीलीभीत, बहराइच, सीतापुर, सिद्धार्थनगर, लखीमपुर खीरी, बलरामपुर, सहारनपुर, सोनभद्र, बदायूं, ललितपुर, गोरखपुर, इटावा, आजमगढ़ और प्रयागराज शामिल हैं. लखनऊ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

बिहार के 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

वहीं, बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है. इनमें गया, बक्सर, भोजपुर, पटना, सीवान, सारण, रोहतास, कैमूर, जहानाबाद, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, मुंगेर, बेगूसराय और कटिहार शामिल हैं. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

झारखंड, उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट

झारखंड में 7 और 8 सितंबर को रांची, जमशेदपुर, दुमका, पलामू, गुमला, चतरा, देवघर, गोड्डा, हजारीबाग, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम और बोकारो में भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं. रांची में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इसी तरह उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और हरिद्वार में भारी बारिश का अनुमान है. यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. देहरादून में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

पंजाब और राजस्थान में भी भारी बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के मंडी, चंबा, ऊना, किन्नौर, कांगड़ा, कुल्लू, सोलन, बिलासपुर और हमीरपुर में 7 और 8 सितंबर को भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. हवाओं की रफ्तार 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मनाली में अधिकतम तापमान  14 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. जबकि, पंजाब के कपूरथला, चंडीगढ़, फरीदकोट, फिरोजपुर, संगरूर, लुधियाना, अमृतसर, होशियारपुर, गुरदासपुर, बरनाला और बठिंडा में भारी बारिश का अनुमान है. इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, राजस्थान के भरतपुर, करौली, झालावाड़, सवाई माधोपुर, झुंझुनूं, बारां, बूंदी, दौसा, भीलवाड़ा, अलवर, जैसलमेर, उदयपुर और श्रीगंगानगर में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. जयपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 7 Sep, 2026 | 06:55 AM

लेटेस्ट न्यूज़