1 जून से महंगा हो जाएगा दूध, कीमत में 4 रुपये लीटर की बढ़ोतरी.. अब कितना होगा रेट

केरल में 1 जून से दूध 4 रुपये प्रति लीटर महंगा हो जाएगा. मिल्मा ने बढ़ी कीमत का बड़ा हिस्सा डेयरी किसानों को देने का फैसला किया है. पशु चारा, ट्रांसपोर्ट और मजदूरी की बढ़ती लागत के कारण यह फैसला लिया गया. अब राज्य में दूध की कीमत 60 रुपये प्रति लीटर होगी.

Kisan India
नोएडा | Published: 20 May, 2026 | 05:45 PM

Milk price hike: केरल के लोगों के लिए दूध की कीमतों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. केरल को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन यानी मिल्मा ने दूध के दाम में 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है. नई कीमतें 1 जून से लागू होंगी. यह फैसला मिल्मा बोर्ड की अहम बैठक में लिया गया, जिसमें राज्य के डेयरी सेक्टर की मौजूदा चुनौतियों पर चर्चा की गई.

मिल्मा अधिकारियों ने कहा कि दूध की कीमत में की गई बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा फायदा डेयरी किसानों  को मिलेगा. प्रति लीटर 4 रुपये की बढ़ोतरी में से 3.35 रुपये सीधे किसानों को दिए जाएंगे. इसका मकसद पशु चारा, भूसा और रखरखाव की बढ़ती लागत से परेशान किसानों को राहत देना है. वहीं, दूध के साथ-साथ मिल्मा के अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की जाएगी.

मिल्मा तीन स्तर वाली सहकारी व्यवस्था पर काम करता है

मिल्मा तीन स्तर वाली सहकारी व्यवस्था पर काम करता है, जिसमें प्राथमिक दुग्ध सहकारी समितियां, क्षेत्रीय दुग्ध उत्पादक संघ और राज्य फेडरेशन शामिल हैं. इस व्यवस्था का फायदा यह है कि ग्राहकों से मिलने वाली आय का बड़ा हिस्सा सीधे गांवों और किसानों तक पहुंचता है. केरल में दूध रोजमर्रा की जरूरी चीज है, इसलिए मिल्मा द्वारा कीमत बढ़ाने के फैसले पर हमेशा लोगों की नजर रहती है. हालांकि फेडरेशन का कहना है कि समय-समय पर कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की गई, तो स्थानीय डेयरी व्यवसाय किसानों के लिए घाटे का सौदा बन सकता है.

दूध की नई कीमत 60 रुपये लीटर

दूध की कीमत बढ़ने के बाद अब केरल में एक लीटर दूध 56 रुपये की जगह 60 रुपये में मिलेगा. मिल्मा ने पहले 6 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी की मांग की थी, क्योंकि उत्पादन और खरीद लागत लगातार बढ़ रही है. हालांकि राज्य सरकार ने लोगों पर ज्यादा बोझ न पड़े, इसके लिए 4 रुपये की बढ़ोतरी की सलाह दी, जिसे मिल्मा ने मान लिया.’

किसानों को 52 रुपये प्रति लीटर भुगतान

केरल में दिसंबर 2022 के बाद पहली बार दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है. मिल्मा के क्षेत्रीय यूनियन पिछले साल से ही दाम बढ़ाने की मांग कर रहे थे. उनका कहना था कि पशु चारा, ट्रांसपोर्ट और मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे डेयरी कारोबार चलाना मुश्किल हो रहा है. फिलहाल केरल में डेयरी किसानों को दूध की गुणवत्ता के आधार पर 45 से 52 रुपये प्रति लीटर तक भुगतान मिलता है. किसानों की मांग है कि बढ़ी हुई कीमत का फायदा उन्हें भी मिले, ताकि बढ़ती लागत के बीच दूध उत्पादन जारी रखा जा सके.

किसानों और उपभोक्ताओं दोनों का ध्यान रखा गया है

अधिकारियों के मुताबिक नई कीमतें तय करते समय किसानों और उपभोक्ताओं दोनों का ध्यान रखा गया है. सरकार और मिल्मा की कोशिश है कि किसानों को बेहतर दाम मिलें, लेकिन आम लोगों पर ज्यादा बोझ भी न पड़े. दूध की अलग-अलग श्रेणियों की नई कीमतों की विस्तृत जानकारी जल्द ही फेडरेशन की बैठक के बाद जारी की जाएगी.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़