25 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में चलेगी आंधी.. यूपी-बिहार में भी बिगड़ेगा मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 4 सितंबर को 25 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है. उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम बिगड़ सकता है. कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक होने का अनुमान है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 4 Sep, 2026 | 07:17 AM

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 सितंबर को देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहने का अनुमान जताया है. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित 25 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है. वहीं, बिहार, अरुणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी भारी बारिश होने का अनुमान है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है. दिल्ली और आसपास के नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में शुक्रवार को बारिश और आंधी का अनुमान  है. इस दौरान हवा की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. वहीं, उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, गौतम बुद्ध नगर, आगरा, अलीगढ़, रायबरेली, हरदोई, उन्नाव, इटावा, हमीरपुर, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़, अयोध्या, गोरखपुर और देवरिया में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. इन इलाकों में हवाएं 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकती हैं.

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में भी बिगड़ेगा मौसम

IMD ने शुक्रवार को बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गया, पटना, रोहतास, बक्सर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर और बेगूसराय समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है. इस दौरान हवाएं 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. पड़ोसी राज्य झारखंड में भी कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक  के साथ तेज हवाओं का अलर्ट है. देवघर, जमशेदपुर, बोकारो, रांची, रामगढ़, खूंटी, चतरा, पलामू, दुमका, सिमडेगा, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम और लातेहार समेत कई जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना है. यहां भी हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में भी बारिश का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, जम्मू, पुंछ, बारामूला, किश्तवाड़, रियासी, गांदरबल, उधमपुर, रामबन, शोपियां, बांदीपोरा और राजौरी में तेज आंधी और कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलने का अनुमान है. वहीं, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, कांगड़ा, किन्नौर, मंडी, ऊना, चंबा, हमीरपुर, बिलासपुर और सोलन में भी भारी बारिश और आंधी की संभावना है. यहां हवाओं की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

MP के 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. राजगढ़, छतरपुर, दमोह, उमरिया, सिंगरौली, शिवपुरी, सागर, कटनी, बैतूल, खंडवा, इंदौर, नर्मदापुरम, रायसेन, मुरैना, धार, हरदा, देवास और उज्जैन समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है. इस दौरान हवाएं 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है. इसके अलावा राजस्थान के जैसलमेर, जयपुर, झुंझुनूं, सीकर, सवाई माधोपुर, चूरू, अजमेर, टोंक, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, धौलपुर और भरतपुर में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. इन इलाकों में कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है.

बंगाल और पंजाब में भी बारिश-आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिम बंगाल के मालदा, बीरभूम, हावड़ा, कोलकाता, दार्जिलिंग, नदिया, दुर्गापुर, कालिम्पोंग, पुरुलिया और मुर्शिदाबाद समेत कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना है. यहां हवाएं 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकती हैं. इसी तरह पंजाब के अमृतसर, चंडीगढ़, मानसा, लुधियाना, जालंधर, पटियाला, मालेरकोटला, पठानकोट और कपूरथला में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. इन इलाकों में हवाओं की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 4 Sep, 2026 | 07:09 AM

लेटेस्ट न्यूज़