19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 65 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं.. दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
IMD ने 3 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली समेत 19 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक हवाएं चल सकती हैं. पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन की चेतावनी है. बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं के चलते कई हिस्सों में मौसम और खराब होने की संभावना है.
देश में मॉनसून की बारिश का दौर जारी है. इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 3 सितंबर के लिए 19 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के चलते भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है. वहीं, पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है.
IMD ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं के कारण देश के कई हिस्सों में मौसम और खराब हो सकता है. पांच से ज्यादा राज्यों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है. इसके अलावा पश्चिम बंगाल, उत्तर तटीय ओडिशा और झारखंड के आसपास भी एक और चक्रवाती परिसंचरण बन सकता है. इन मौसम प्रणालियों के चलते कई इलाकों में बारिश और आंधी का दौर तेज हो सकता है.
65 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं तेज हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक, 3 सितंबर को देश के 19 राज्यों में भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना है. इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, असम, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना शामिल हैं. कुछ इलाकों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. खराब मौसम के कारण किसानों की फसलों को भी नुकसान होने की आशंका है.
दिल्ली, यूपी में 3 सितंबर को बारिश का अलर्ट
दिल्ली में 3 सितंबर को भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. इसी तरह उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 3 सितंबर को भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट है. इनमें गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, गौतम बुद्ध नगर, आगरा, अलीगढ़, रायबरेली, हरदोई, अमरोहा, हाथरस, उन्नाव, इटावा, हमीरपुर, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़, अयोध्या, गोरखपुर और देवरिया शामिल हैं. लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बिहार में कैसा रहेगा मौसम का हाल
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी की संभावना है. पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गया, जहानाबाद, पटना, भोजपुर, गोपालगंज, रोहतास, बक्सर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया, लखीसराय और बेगूसराय में मौसम खराब रह सकता है. पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
झारखंड से जम्मू-कश्मीर तक बारिश का अलर्ट
वहीं, झारखंड में 4 सितंबर को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. देवघर, जमशेदपुर, बोकारो, रांची, रामगढ़, खूंटी, चतरा, पलामू, दुमका, सिमडेगा, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम और लातेहार में मौसम खराब रह सकता है. रांची में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. जबकि उत्तराखंड के चमोली, बागेश्वर, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी में भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना है. कुछ इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं. देहरादून में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
हिमाचल के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में 3 सितंबर को कुल्लू, कांगड़ा, किन्नौर, मंडी, ऊना, चंबा, हमीरपुर, बिलासपुर और सोलन में भारी बारिश और आंधी-गरज का अलर्ट है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मनाली में अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.