बिहार में घटा गन्ने का रकबा, इस बार कम हो सकता है उत्पादन.. देश में 43 हजार हेक्टेयर की गिरावट

बिहार में इस साल गन्ने का उत्पादन घटने की आशंका है. राज्य में गन्ने की खेती का रकबा करीब 30 हजार हेक्टेयर कम हुआ है. कम बारिश, बाढ़ और थ्रिप्स के प्रकोप से फसल प्रभावित हो रही है. इससे गन्ने में रस की मात्रा और चीनी की रिकवरी रेट घट सकती है. देश में भी गन्ने का रकबा 43 हजार हेक्टेयर घटा है.

Kisan India
नोएडा | Published: 4 Sep, 2026 | 06:45 AM

Sugarcane Production: बिहार में इस साल गन्ने का उत्पादन पिछले पेराई सीजन के मुकाबले कम रहने का अनुमान है. इसकी वजह राज्य में गन्ने की खेती के रकबे में करीब 30 हजार हेक्टेयर की कमी आना है. कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की 21 अगस्त 2026 तक की प्रोग्रेसिव क्रॉप एरिया सॉउन रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट के अनुसार, चालू खरीफ सीजन में देशभर में गन्ने की खेती का रकबा करीब 43 हजार हेक्टेयर घटा है.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, देश में गन्ने के रकबे में सबसे बड़ी गिरावट बिहार में दर्ज की गई है, जहां करीब 30 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती कम हुई है. इसका असर आने वाले पेराई सीजन में गन्ने की उपलब्धता और चीनी उत्पादन पर भी पड़ सकता है. बिहार में गन्ने का उत्पादन कम रहने की आशंका के बीच फसल की गुणवत्ता को लेकर भी चिंता बढ़ गई है. कम बारिश और निचले इलाकों में आई बाढ़ का असर गन्ने की फसल पर पड़ सकता है. इसके अलावा थ्रिप्स नामक कीट का प्रकोप भी फसल को नुकसान पहुंचा रहा है.

थ्रिप्स से सूख रही गन्ने की पत्तियां

थ्रिप्स के कारण गन्ने की पत्तियां सूखने लगती हैं और पौधे कमजोर हो जाते हैं. इन वजहों से गन्ने में रस की मात्रा कम होने की आशंका है. इसका सीधा असर चीनी की रिकवरी रेट पर पड़ सकता है. रिकवरी रेट का मतलब है कि एक निश्चित मात्रा में गन्ने से कितनी मात्रा में चीनी प्राप्त होती है. इस बार गन्ने में रस कम रहने से रिकवरी रेट घटने की चिंता है.

बिहार में 2.55 लाख हेक्टेयर में गन्ने की खेती का लक्ष्य

गन्ने की खेती का रकबा घटने और मौसम की चुनौतियों के बावजूद बिहार सरकार ने 2026-27 में 2,55,081 हेक्टेयर में गन्ने की खेती का लक्ष्य रखा है. इस दौरान 1,74,03,582 टन गन्ना उत्पादन का लक्ष्य तय किया गया है. मीडिया रिपोर्ट मुताबिक, राज्य की चालू 10 चीनी मिलें कुल 809 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई करेंगी. पेराई के बाद बचने वाले गन्ने का इस्तेमाल गुड़ बनाने में किया जाएगा. इसके अलावा कुछ गन्ना उत्तर प्रदेश की चीनी मिलों को भी भेजा जाएगा.

देश में गन्ने का रकबा 43 हजार हेक्टेयर घटा, यूपी-हरियाणा में बढ़ी खेती

ऐसे 21 अगस्त 2026 तक देश में 58.44 लाख हेक्टेयर में गन्ने की बुवाई हुई है. पिछले साल इसी अवधि में गन्ने का रकबा 58.87 लाख हेक्टेयर था. यानी इस साल गन्ने की खेती का क्षेत्रफल 43 हजार हेक्टेयर घटा है. हालांकि, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में गन्ने का रकबा बढ़ा है. उत्तर प्रदेश में 36 हजार हेक्टेयर और हरियाणा में 21 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल बढ़ा है. इससे देश के कुल रकबे में हुई गिरावट कुछ कम हुई. इसके बावजूद अन्य गन्ना उत्पादक राज्यों में रकबे में आई कमी ज्यादा रही. इसके चलते खरीफ 2026-27 में देश में गन्ने का कुल रकबा 43 हजार हेक्टेयर कम दर्ज किया गया है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 4 Sep, 2026 | 06:45 AM

लेटेस्ट न्यूज़