पश्चिमी विक्षोभ का असर तेज, दिल्ली से पहाड़ों तक बारिश, तूफान और बर्फबारी की चेतावनी

पहाड़ी राज्यों में मौसम का असर और ज्यादा देखने को मिल रहा है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है. 28 से 31 मार्च के बीच मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है, जिसमें तेज हवाएं और भारी बर्फबारी भी शामिल है.

नई दिल्ली | Updated On: 27 Mar, 2026 | 06:55 AM

Today Weather: मार्च का महीना खत्म होने वाला है और आमतौर पर इस समय गर्मी का असर बढ़ने लगता है, लेकिन इस बार मौसम ने अलग ही रुख अपना लिया है. कहीं बारिश, कहीं तेज आंधी, तो कहीं बर्फबारी देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम विभाग ने कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है. आने वाले कुछ दिन मौसम के लिहाज से बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

दिल्ली-एनसीआर में बादल, बारिश और तेज हवाओं का असर

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है. आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है और बीच-बीच में हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है. आने वाले दिनों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसके साथ ही गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर भी जारी रह सकता है. इस बदलाव से जहां एक तरफ मौसम सुहावना होगा, वहीं प्रदूषण के स्तर में भी सुधार देखने को मिल सकता है.

उत्तर प्रदेश में आंधी, बारिश और बिजली का खतरा

उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है. अगले कुछ दिनों में यहां धूल भरी आंधी, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 27 से 30 मार्च के बीच मौसम खराब रह सकता है. पश्चिमी और पूर्वी यूपी दोनों हिस्सों में इसका असर देखने को मिलेगा. तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है, जिससे किसानों की रबी फसलों को नुकसान हो सकता है.

आज का तापमान

शहर अधिकतम तापमान (27 मार्च, 2026)
न्यूनतम तापमान (27 मार्च, 2026)
दिल्ली 30°C 20°C
मुंबई 35°C 22°C
चेन्नई 34°C 25°C
कोलकाता 35°C 25°C
लखनऊ 32°C 19°C
पटना 34°C 18°C
रांची 31°C 19°C
भोपाल 34°C 22°C
जयपुर 32°C 21°C
शिमला 20°C 11°C
नैनीताल 21°C 14°C

राजस्थान में तेज हवाएं और हल्की बारिश

राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ दिखाई दे रहा है. बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, अजमेर और उदयपुर समेत कई इलाकों में तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना है. 28 से 30 मार्च के बीच 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. हालांकि इस दौरान तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिलेगी.

पहाड़ो में बारिश के साथ बर्फबारी

पहाड़ी राज्यों में मौसम का असर और ज्यादा देखने को मिल रहा है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है. 28 से 31 मार्च के बीच मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है, जिसमें तेज हवाएं और भारी बर्फबारी भी शामिल है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का असर फिर से बढ़ सकता है.

बिहार और झारखंड में ओले और आंधी का अलर्ट

बिहार और झारखंड में भी मौसम तेजी से बदल रहा है. कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है. विशेषकर उत्तरी बिहार के जिलों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएं.

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश और तेज तूफान

असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम काफी खराब रहने वाला है. यहां तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और ओले गिरने की संभावना है. कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे नुकसान का खतरा बढ़ जाता है.

मध्य और पश्चिम भारत में हल्की बारिश और बादल

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे. बीच-बीच में हल्की बारिश और बिजली कड़कने की संभावना बनी रहेगी. गुजरात और सौराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश का अनुमान है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है.

दक्षिण भारत में कहीं गर्मी, कहीं बारिश

दक्षिण भारत में मौसम दो अलग-अलग रूप में नजर आ रहा है. केरल, गोवा और कोंकण में गर्मी और उमस बढ़ रही है, जबकि कर्नाटक और तेलंगाना में बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है. तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे मौसम में अस्थिरता बनी रहेगी.

Published: 27 Mar, 2026 | 07:00 AM

Topics: