मॉनसून फिर हुआ एक्टिव, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट.. रहें सतर्क

IMD ने शुक्रवार को उत्तर, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. हिमाचल, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ में तेज बारिश की संभावना है. बिहार में 25 अगस्त तक बारिश और गरज-चमक का दौर रह सकता है. पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश का अनुमान है.

नोएडा | Updated On: 21 Aug, 2026 | 07:13 AM

Weather Update: भारत में मॉनसून एक बार फिर जोर पकड़ता दिख रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को उत्तर, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, यूपी, मध्य प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ में तेज बारिश की चेतावनी से लोगों की चिंता बढ़ गई है. कई जगहों पर बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

IMD ने कहा है कि उत्तराखंड में 25 अगस्त तक कई जगह बारिश जारी रह सकती है. वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश में भी कई इलाकों में बारिश का अनुमान  है. यहां 22 अगस्त तक कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. साथ ही पश्चिमी मध्य प्रदेश में शुक्रवार को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी शुक्रवार को भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने इन इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

हिमाचल में 21 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का अनुमान जताया है. हिमाचल प्रदेश और आसपास के इलाकों में 21 अगस्त तक कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है. वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है.

छत्तीसगढ़ में कैसा रहेगा मौसम का हाल

बात अगर छत्तीसगढ़ की करें तो शुक्रवार को कई इलाकों में बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर भारी बारिश का भी अनुमान है. राज्य में 23 अगस्त तक गरज-चमक और आकाशीय बिजली की स्थिति बन सकती है. साथ ही मौसम विभाग ने पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत  के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का अनुमान जताया है. बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों में भी कई जगह भारी बारिश हो सकती है.

बिहार में 25 अगस्त तक बारिश का अनुमान

बिहार में शुक्रवार से 23 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश का भी अलर्ट है. राज्य में 25 अगस्त तक गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है. 22 अगस्त को कुछ इलाकों में बिजली गिरने की गतिविधियां तेज रह सकती हैं. इसके अलावा झारखंड में शुक्रवार को कुछ जगह बारिश हो सकती है, जबकि 22 से 25 अगस्त के बीच कई इलाकों में बारिश का दौर बढ़ सकता है. ओडिशा में भी शुक्रवार को कुछ स्थानों पर बारिश और 21 से 25 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश का अनुमान है. इस दौरान कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है.

पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर में भी बारिश

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में शुक्रवार को कई जगह बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. गंगा के मैदानी हिस्सों वाले पश्चिम बंगाल में 25 अगस्त तक कई जगह बारिश जारी रहने का अनुमान है. अरुणाचल प्रदेश में शुक्रवार तक कई इलाकों में बारिश हो सकती है. असम-मेघालय  और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में 22 अगस्त तक कई जगह बारिश की संभावना है.

 

Published: 21 Aug, 2026 | 07:06 AM

Topics: