मॉनसून फिर हुआ एक्टिव! UP-MP से राजस्थान-तमिलनाडु तक अलर्ट, पहाड़ों में लैंडस्लाइड का खतरा

Weather Update Today: देश के कई हिस्सों में मॉनसून फिर सक्रिय हो गया है. उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है. दिल्ली-NCR में भी बादल और बारिश का दौर जारी रह सकता है. राजस्थान के कुछ हिस्सों में 20 से 23 अगस्त तक बारिश की संभावना है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 20 Aug, 2026 | 07:15 AM

IMD Weather Update Today: देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय होता दिख रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए बारिश वाले रहेंगे. उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ में कई जगह मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. वहीं उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में कुछ जगहों पर तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है.

मौसम के इस मिजाज को देखते हुए पहाड़ी और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विभाग ने खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. लगातार बारिश के कारण कुछ जगहों पर बाढ़ और भूस्खलन जैसी परेशानी भी सामने आ सकती है.

इन राज्यों में भी बारिश के आसार

उत्तर भारत के अलावा पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल और तेलंगाना में भी मौसम करवट ले सकता है. इन राज्यों के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, गुजरात और लद्दाख में कुछ जगहों पर हल्की और छिटपुट बारिश हो सकती है. यानी आने वाले एक-दो दिनों में देश के बड़े हिस्से में बादल और बारिश का असर देखने को मिल सकता है.

दिल्ली-NCR में फिर बारिश का दौर

दिल्ली-NCR में मॉनसून फिर सक्रिय नजर आ रहा है. बुधवार को दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, पूरे इलाके में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. सुबह से दोपहर के बीच कुछ इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है. इसके बाद शाम और रात में भी हल्की बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है. बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

हालांकि, तापमान में बहुत बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. अधिकतम तापमान करीब 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. अगले कुछ दिनों तक भी दिल्ली-NCR में बादल और बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है.

नोएडा और गाजियाबाद में हवा की स्थिति भी अलग-अलग

नोएडा में बुधवार सुबह अलग-अलग इलाकों में हवा की स्थिति एक जैसी नहीं रही. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक सेक्टर-125 में रीडिंग 140, सेक्टर-62 में 96, सेक्टर-1 में 106 और सेक्टर-116 में 138 दर्ज की गई. इनमें सेक्टर-62 की स्थिति बाकी बताए गए इलाकों की तुलना में बेहतर रही. गाजियाबाद में भी अलग-अलग क्षेत्रों में हवा की स्थिति में अंतर देखने को मिला. बारिश होने से आने वाले समय में हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के स्तर में कुछ राहत मिलने की उम्मीद की जा सकती है.

राजस्थान में 23 अगस्त तक बारिश का अनुमान

राजस्थान में भी कुछ इलाकों में बारिश का दौर फिर शुरू हो सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक 20 से 23 अगस्त के बीच पूर्वी राजस्थान के भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं बीकानेर संभाग के उत्तरी हिस्सों और शेखावाटी इलाके में 20 से 22 अगस्त के दौरान हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. राज्य के बाकी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रह सकती हैं. पिछले 24 घंटे में पूर्वी राजस्थान के खैरथल-तिजारा, बारां, कोटा, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और सलूंबर में कुछ जगह हल्की बारिश हुई. बांसवाड़ा के दानपुर में सबसे ज्यादा 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.

तमिलनाडु में इन जिलों में भारी बारिश का खतरा

तमिलनाडु में भी बारिश का दौर जारी रहने वाला है. राज्य के तटीय इलाके के पास बने कमजोर सिस्टम के कारण चेंगलपट्टू, विलुपुरम और कुड्डालोर में बुधवार को गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा तिरुवल्लूर, तिरुवन्नामलाई, पेराम्बलूर, अरियालूर, मयिलादुथुराई, पुदुक्कोट्टई, शिवगंगा, मदुरै, डिंडीगुल और थेनी में कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा.

बारिश के दौरान इन बातों का रखें ध्यान

मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश होने पर भूस्खलन और अचानक पानी बढ़ने का खतरा रहता है. वहीं गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ या कमजोर इमारत के पास खड़े होने से बचना चाहिए. कुल मिलाकर अगले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में मॉनसून की सक्रियता बनी रहने की उम्मीद है. दिल्ली-NCR में हल्की बारिश से राहत मिल सकती है, जबकि कुछ राज्यों में तेज बारिश लोगों के लिए परेशानी भी बढ़ा सकती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़