मॉनसून फिर हुआ एक्टिव! अगले 48 घंटे कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, बाढ़ और बिजली का खतरा
IMD Weather Alert: अगले 48 घंटे पूर्वोत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है. दिल्ली-NCR, यूपी, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और बिहार में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला रहेगा. बंगाल में तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि राजस्थान में 12 से 16 सितंबर के बीच बारिश बढ़ सकती है.
Weather Update Today: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मॉनसून सक्रिय होता नजर आ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे के दौरान कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. खासकर पूर्वोत्तर राज्यों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. वहीं उत्तर भारत में भी अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहने और कई जगहों पर बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट है. असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं और तूफान की स्थिति भी बन सकती है.
उत्तर भारत में तीन दिन बदला रहेगा मौसम
उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले तीन दिन मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है. दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. कुछ जगहों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है. पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के भी ज्यादातर हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पहाड़ों पर लगातार बारिश होने से कुछ संवेदनशील इलाकों में लैंडस्लाइड और अचानक पानी बढ़ने का खतरा रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, 20 सितंबर के बाद देश के कुछ हिस्सों से मॉनसून की वापसी की शुरुआत हो सकती है.
दिल्ली-NCR में कल बारिश के आसार
दिल्ली-NCR में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है. अगले 24 घंटे के दौरान राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश होने के आसार हैं. आईएमडी के मुताबिक दिल्ली में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और न्यूनतम तापमान करीब 26.8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बारिश के कारण दिल्ली की हवा में भी सुधार देखने को मिला है. प्रदूषण का स्तर कम हुआ है और हवा की क्वालिटी बेहतर होकर ग्रीन जोन में पहुंच गई है. नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी हवा की क्वालिटी फिलहाल बेहतर बनी हुई है. रविवार को पूरे एनसीआर में बारिश को लेकर चेतावनी दी गई है.
राजस्थान में 16 सितंबर तक बढ़ेगी बारिश
राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है. जयपुर, अजमेर, झुंझुनू, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, डीग, दौसा, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. 12 से 16 सितंबर के बीच जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. 13 और 14 सितंबर को कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.
बंगाल में बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट
पश्चिम बंगाल में रविवार तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. दक्षिण बंगाल में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. उत्तर बंगाल के कुछ जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. कलिम्पोंग, कूच बिहार, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी में भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ गया है और अभी सक्रिय है. इसके असर से बंगाल समेत आसपास के इलाकों में बारिश का दौर आगे भी जारी रह सकता है.