यूपी में भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर आफत! दिल्ली-NCR से राजस्थान तक जानें मौसम का ताजा अपडेट
IMD Weather Update: देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. यूपी में भारी बारिश की संभावना है, जबकि उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट के बीच भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है. राजस्थान में मॉनसून कमजोर रहेगा, वहीं अरुणाचल प्रदेश समेत पूर्वोत्तर के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है.
Weather Update Today: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक अलग-अलग राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. कहीं हल्की बारिश होगी तो कहीं भारी से बहुत भारी बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तेज बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई इलाकों में भी भारी बारिश का अलर्ट है. दूसरी ओर दिल्ली-एनसीआर में अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार बना हुआ है.
उत्तराखंड में भारी बारिश से बढ़ी परेशानी
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कई जगह भूस्खलन के कारण सड़कें बंद हो गई हैं और नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. बंद सड़कों को खोलने के लिए प्रशासन की टीमें लगातार काम कर रही हैं. मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी और उधमसिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट है. लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. पहाड़ी इलाकों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है.
यूपी में बढ़ सकती है बारिश
उत्तर प्रदेश में इस मॉनसून सीजन में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में सामान्य से करीब 17 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. हालांकि, आने वाले दिनों में तस्वीर बदल सकती है. मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में 23 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना जताई है. मंगलवार और बुधवार को पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है.
यूपी में बारिश का हाल हर जिले में एक जैसा नहीं रहा है. कुछ जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है, जबकि मेरठ, मुजफ्फरनगर और संभल जैसे इलाकों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. झारखंड और पश्चिम बंगाल के आसपास बने मौसम सिस्टम का असर भी यूपी में बारिश बढ़ने के रूप में देखने को मिल सकता है.
दिल्ली-एनसीआर में अभी इंतजार
बारिश के लिहाज से दिल्ली-एनसीआर को फिलहाल पहाड़ी और पूर्वी राज्यों जैसी राहत मिलने की उम्मीद कम है. हालांकि, हरियाणा, पंजाब, एनसीआर और बिहार के कुछ हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो सकती है. यानी कुछ इलाकों में बादल बरसेंगे, लेकिन लगातार अच्छी बारिश का दौर अभी नजर नहीं आ रहा है.
राजस्थान में कमजोर रहेगा मॉनसून
राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मॉनसून कमजोर रहने की संभावना है. हालांकि, 20 अगस्त से पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 20 से 23 अगस्त के बीच बारिश होने का अनुमान है. वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में मौसम ज्यादातर शुष्क रह सकता है. बीकानेर संभाग के उत्तरी हिस्सों और शेखावाटी में 20 से 22 अगस्त के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
अरुणाचल प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम खराब रहने की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ बिजली चमकने का अनुमान है. तवांग, पश्चिम कामेंग, पापुम पारे, लोअर सुबनसिरी, पूर्वी सियांग, लोहित, अंजॉ, नामसाई, चांगलांग, तिरप और लोंगडिंग समेत कई इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, वीकेंड के आसपास यहां मौसम में धीरे-धीरे सुधार हो सकता है. इस दौरान पहाड़ी और नदी किनारे रहने वाले लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि तेज बारिश के दौरान अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है.