देशभर में एक्टिव हुआ मॉनसून, दिल्ली से मुंबई तक झमाझम बारिश, इन राज्यों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट
Weather Update: देशभर में मॉनसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और कई अन्य राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और लैंडस्लाइड का अलर्ट जारी किया है.
Today’s Weather Update: देश के ज्यादातर हिस्सों में मॉनसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत और पश्चिमी राज्यों तक कई जगहों पर बारिश का दौर जारी है. कहीं तेज बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है, तो कहीं भारी बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और लैंडस्लाइड की चेतावनी जारी की है. वहीं महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के कई इलाकों में भी अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का अनुमान है.
उत्तर भारत में मॉनसून ने दी गर्मी से राहत
दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में पिछले कुछ दिनों से बादलों की आवाजाही बनी हुई है. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत दी है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कई दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है और बीच-बीच में गरज-चमक के साथ बारिश होती रहेगी.
दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से आसमान बादलों से ढका हुआ है. IMD ने यहां येलो अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ दिनों तक मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. बारिश के कारण राजधानी की हवा भी साफ हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का AQI करीब 90 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है.
राजस्थान में मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार
राजस्थान में भी मॉनसून ने आखिरकार दस्तक दे दी है. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सामान्य से करीब एक सप्ताह की देरी से राज्य के पूर्वी हिस्सों में पहुंचा है. जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और उदयपुर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई है. सबसे ज्यादा 84 मिमी बारिश सांभर (जयपुर) में दर्ज की गई. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 5 से 7 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा. हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में अभी भी गर्मी बनी हुई है.
हिमाचल में बारिश बनी परेशानी
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण लैंडस्लाइड और बाढ़ जैसी घटनाएं सामने आने लगी हैं. भारी मलबा आने से हिंदुस्तान-तिब्बत नेशनल हाईवे (NH-5) के कुछ हिस्सों में यातायात रोकना पड़ा है. कई संपर्क मार्ग भी बंद हो गए हैं. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है.
पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण दक्षिण बंगाल के कई जिलों में 6 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा और हावड़ा जैसे जिलों में जलभराव की आशंका जताई गई है. वहीं 7 से 9 जुलाई के बीच उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग और कालिम्पोंग सहित कई जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है.
झारखंड और महाराष्ट्र में भारी बारिश जारी
झारखंड के सभी 24 जिलों में अगले चार दिनों तक गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने पूरे राज्य के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. कुछ जिलों में भारी बारिश की भी संभावना है.
महाराष्ट्र में मॉनसून पूरी ताकत से बरस रहा है. खासकर मुंबई में लगातार हो रही बारिश से कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी. हालांकि सुबह तक अधिकांश जगहों से पानी निकल गया. IMD ने अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है.
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का असर
दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है. समुद्र से जुड़े इलाकों में रहने वाले लोगों और मछुआरों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
वहीं पूर्वोत्तर भारत में भी मॉनसून सक्रिय है. असम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मेघालय समेत कई राज्यों में अच्छी बारिश हो रही है. बारिश से गर्मी से राहत मिली है, लेकिन बीच-बीच में निकल रही धूप के कारण उमस भी बढ़ रही है.
अगले कुछ दिन रहें सावधान
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहेगा. जहां एक ओर बारिश से किसानों और आम लोगों को राहत मिलेगी, वहीं भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, लैंडस्लाइड, तेज हवाओं और बिजली गिरने जैसी घटनाओं का खतरा भी बना रहेगा. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और जरूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.