Gold Rate: लगातार दूसरे दिन सस्ता हुआ सोना, चांदी की कीमत भी घटी, जानें आपके शहर का ताजा भाव

Gold Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है. पिछले दो दिनों में 24 कैरेट सोना 230 रुपये और 22 कैरेट सोना 210 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हुआ है, जबकि सात दिनों की स्थिरता के बाद चांदी भी 100 रुपये प्रति किलो सस्ती हुई है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 5 Aug, 2026 | 11:05 AM

Gold-Silver Rate Today: देश में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखने को मिली है. अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर बाजार में बनी अनिश्चितता का असर अब सर्राफा बाजार पर भी दिखाई दे रहा है. निवेशक फिलहाल सतर्क हैं, जिसके चलते सोने की चमक थोड़ी फीकी पड़ी है. वहीं, औद्योगिक मांग में नरमी आने से चांदी की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई है. अगर आप सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो खरीदारी से पहले अपने शहर के ताजा भाव जरूर जान लें.

दो दिनों में कितना सस्ता हुआ सोना?

पिछले दो दिनों में 24 कैरेट सोना 10 ग्राम पर 230 रुपये तक सस्ता हुआ है. वहीं, 22 कैरेट सोने की कीमत में 210 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है. आज की बात करें तो राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट और 22 कैरेट सोने के दाम में 10-10 रुपये की मामूली कमी आई है. हालांकि यह गिरावट छोटी है, लेकिन लगातार दूसरे दिन कीमतें कम होने से खरीदारों की नजर बाजार पर बनी हुई है.

देश के प्रमुख शहरों में सोने का ताजा भाव

देश के प्रमुख शहरों में सोने की कीमतों में मामूली अंतर देखने को मिला.

शहर 24 कैरट ( ₹/10 ग्राम) 22 कैरट ( ₹/10 ग्राम)
दिल्ली 1,44,140 1,32,140
मुंबई 1,43,990 1,31,990
कोलकाता 1,43,990 1,31,990
चेन्नई 1,43,990 1,31,990
बेंगलुरू 1,43,990 1,31,990
हैदराबाद 1,44,210 1,32,190
लखनऊ 1,44,140 1,32,140
पटना 1,44,040 1,32,040
जयपुर 1,44,140 1,32,140
अहमदाबाद 1,44,040 1,32,040

चांदी की कीमत में भी आई गिरावट

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी नरमी देखने को मिली है. लगातार सात दिनों तक स्थिर रहने के बाद चांदी के भाव में गिरावट दर्ज की गई है. दिल्ली में एक किलो चांदी की कीमत 100 रुपये घटकर 2,34,900 रुपये प्रति किलो हो गई है. मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों में भी चांदी लगभग इसी कीमत पर बिक रही है. इससे पहले 28 जुलाई को चांदी के भाव में 5,000 रुपये प्रति किलो की बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी.

क्यों घट रहे हैं सोने-चांदी के दाम?

विशेषज्ञों का कहना है कि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से महंगाई को लेकर जताई गई चिंता के कारण वैश्विक बाजार में निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपना रहे हैं. इसका असर सोने और चांदी की कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है. बाजार की नजर अब अमेरिका के अहम आर्थिक आंकड़ों पर है. इनमें नॉन-फार्म पेरोल (Non-Farm Payroll) रिपोर्ट और श्रम बाजार से जुड़े अन्य आंकड़े शामिल हैं. इन रिपोर्टों के आधार पर यह संकेत मिल सकते हैं कि आने वाले समय में ब्याज दरों में कोई बदलाव होगा या नहीं.

आगे कैसी रह सकती हैं कीमतें?

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है. अमेरिकी रोजगार आंकड़े, डॉलर की चाल, कच्चे तेल की कीमतें और फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों से जुड़े संकेत सर्राफा बाजार की दिशा तय करेंगे. ऐसे में जो लोग निवेश या खरीदारी की योजना बना रहे हैं, उन्हें बाजार की चाल और ताजा कीमतों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़