जल्द ही उमस भरी गर्मी से राहत मिलने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 अगस्त (मंगलवार) के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली-एनसीआर समेत 17 राज्यों में भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार, दिल्ली और एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.
वहीं, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, हरदोई, संभल, शाहजहांपुर, बहराइच, आजमगढ़, गोंडा, बलिया, अंबेडकरनगर, जौनपुर, मऊ, गाजीपुर, चंदौली, लखीमपुर खीरी, प्रतापगढ़, सीतापुर, बुलंदशहर और ज्योतिबा फुले नगर (अमरोहा) समेत कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
बिहार और झारखंड में कैसा रहेगा मौसम
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बिहार और झारखंड के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, वैशाली, पटना, लखीसराय, कटिहार, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सहरसा और सुपौल जिलों में बारिश के साथ 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, झारखंड के पलामू, रांची, दुमका, जमशेदपुर, हजारीबाग, गढ़वा, देवघर, लातेहार, सरायकेला, रामगढ़, गोड्डा और जामताड़ा जिलों में भी बारिश, आंधी और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है. इन इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
- सावधान! 2026 में लौट सकता है खतरनाक सुपर एल नीनो, भारत के मानसून पर पड़ेगा गहरा असर
- मौसम का दिखेगा तांडव! 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में फिर पसीना छुड़ाएगी गर्मी
- कपास की फसल पर सफेद मक्खी का हमला, कृषि वैज्ञानिकों ने जारी की एडवाइजरी.. तुरंत करें ये काम
- एक्सप्रेसवे पर फुर्ती, किसानों पर सुस्ती! प्याज उत्पादक संघ ने सरकार से की तुरंत आर्थिक सहायता देने की मांग
जम्मू-कश्मीर में भी होगी बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 4 अगस्त को जम्मू-कश्मीर के कठुआ, उधमपुर, जम्मू, राजौरी, अनंतनाग, सांबा, पुंछ, रामबन, बडगाम, कुलगाम और गांदरबल जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, ऊना, शिमला, कुल्लू, बिलासपुर और किन्नौर जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है. यहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं
इसके अलावा पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग और कूचबिहार जिलों में भी भारी बारिश, गरज-चमक और 35 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. पंजाब के होशियारपुर, पठानकोट, रूपनगर, एसएएस नगर (मोहाली), नवांशहर, बठिंडा, मुक्तसर और फाजिल्का जिलों में भी भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है. इन इलाकों में 20 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
मध्य प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. सतना, गुना, उज्जैन, खरगोन, मुरैना, इंदौर, छतरपुर, बालाघाट, विदिशा, देवास, मंडला, खंडवा और छिंदवाड़ा जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है. वहीं, राजस्थान के कई जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया गया है. जयपुर, अजमेर, कोटा, बीकानेर, बूंदी, झालावाड़, बांसवाड़ा, उदयपुर, जैसलमेर, अनूपगढ़, अलवर, करौली और जोधपुर में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है.