सावधान! 3 अगस्त से बदलेगा मौसम, 22 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 3 से 8 अगस्त तक देश के 22 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, पंजाब और झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है. लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 3 Aug, 2026 | 07:10 AM

Rain Alert: देशभर में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 3 अगस्त से 8 अगस्त तक देश के 22 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान कई इलाकों में बारिश के साथ 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली और एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में 5 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है. साथ ही 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

वहीं, उत्तर प्रदेश में 3 से 6 अगस्त तक कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इनमें लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, बदायूं, बरेली, मुरादाबाद, जौनपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र शामिल हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, 6 से 8 अगस्त के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम बारिश होने की संभावना  है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है.

बिहार के इन जिलों में होगी बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 3 से 8 अगस्त के बीच बिहार, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. बिहार में 3 अगस्त को गोपालगंज, सिवान, किशनगंज, सुपौल और पश्चिम चंपारण में भारी बारिश की संभावना है. वहीं, उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के साथ-साथ पूर्वी और पश्चिमी चंपारण तथा सारण में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 4 और 5 अगस्त को औरंगाबाद, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, गया, रोहतास, बांका, भागलपुर, जमुई और नवादा जिलों में भी भारी बारिश होने का अनुमान है.

50 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

वहीं, जम्मू-कश्मीर में 3 से 6 अगस्त के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 3 से 8 अगस्त तक चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी और शिमला समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है.

महाराष्ट्र और पंजाब में कैसा रहेगा मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने महाराष्ट्र, पंजाब और झारखंड के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. महाराष्ट्र में 3 से 8 अगस्त तक कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है. 3 अगस्त को रत्नागिरी, सतारा घाट क्षेत्र, बुलढाणा, अकोला, अमरावती और नागपुर में येलो अलर्ट रहेगा. वहीं, 4 अगस्त को बुलढाणा, यवतमाल, वर्धा, नागपुर, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर और गढ़चिरौली में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना है. पंजाब में 3 से 6 अगस्त के बीच कई इलाकों में बारिश का अनुमान है. 3 और 4 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है.

झारखंड के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना

झारखंड में 3 से 8 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 2 से 6 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 3 Aug, 2026 | 07:08 AM

लेटेस्ट न्यूज़