Weather Update: देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 31 जुलाई के लिए 12 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली और एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में शुक्रवार को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है.
वहीं, उत्तर प्रदेश में अगस्त की शुरुआत से मॉनसून के फिर से रफ्तार पकड़ने का अनुमान है. IMD ने भदोही, देवरिया, जौनपुर, कानपुर देहात, कौशांबी, कुशीनगर, रायबरेली, संत कबीर नगर और सीतापुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने लोगों से मौसम से जुड़े अपडेट पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है.
कई राज्यों में मॉनसून सक्रिय रहेगा
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक देश के कई राज्यों में मॉनसून सक्रिय रहेगा और कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. राजस्थान में 31 जुलाई से 2 अगस्त के बीच जयपुर, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है. वहीं, जोधपुर संभाग के दक्षिणी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
- Opinion: मॉनसून की मनमानी से संकट में खेती-किसानी, दुनियाभर के देश मौसम बदलावों से परेशान
- मौसम का दिखेगा तांडव! 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में फिर पसीना छुड़ाएगी गर्मी
- कपास की फसल पर सफेद मक्खी का हमला, कृषि वैज्ञानिकों ने जारी की एडवाइजरी.. तुरंत करें ये काम
- एक्सप्रेसवे पर फुर्ती, किसानों पर सुस्ती! प्याज उत्पादक संघ ने सरकार से की तुरंत आर्थिक सहायता देने की मांग
भारी बारिश का अनुमान
बिहार में 31 जुलाई से 4 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है. इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. जम्मू-कश्मीर के डोडा, किश्तवाड़ और रामबन जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. लगातार बारिश के कारण प्रशासन ने फिसलन भरी सड़कों और भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की आशंका को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट जारी
वहीं, हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यहां भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. इसके चलते अचानक बाढ़, भूस्खलन और अन्य मौसम संबंधी घटनाएं हो सकती हैं, जिससे जान-माल का नुकसान होने का खतरा बना हुआ है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. राज्य के तटीय इलाकों के पास निचले वायुमंडल में बने कमजोर कम दबाव के क्षेत्र के कारण यह स्थिति बनी है.
असम में अभी और होगी बारिश
शुक्रवार को कोयंबटूर, नीलगिरि, तिरुनेलवेली, थेनी और कन्याकुमारी के पहाड़ी इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश का अनुमान है. खासकर कोयंबटूर और नीलगिरि के पहाड़ी क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश हो सकती है. वहीं, असम में पहले से बने बाढ़ जैसे हालात के बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक और बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD के मुताबिक, 31 जुलाई से 1 अगस्त के बीच असम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान असम के तिनसुकिया, धेमाजी और लखीमपुर जिलों में बारिश का सबसे अधिक असर देखने को मिल सकता है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है..