Weather Update Today: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मॉनसून सक्रिय होने जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, 29 जुलाई तक उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर तेज हो सकता है. दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने और लैंडस्लाइड का खतरा भी बढ़ गया है.
दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग और स्काईमेट दोनों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
दिल्ली-एनसीआर में 28 और 29 जुलाई को येलो अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल मौसम सामान्य बना रहेगा, लेकिन 28 और 29 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन दो दिनों के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं आंधी आने की संभावना है.
- IMD का बड़ा अलर्ट! दिल्ली, यूपी, बिहार समेत इन राज्यों में आंधी-बारिश, पहाड़ों पर बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा
- लद्दाख में रासायनिक खाद पर पूरी तरह रोक, अब सिर्फ जैविक खेती को मिलेगा बढ़ावा, नियम तोड़ने पर लगेगा जुर्माना
- पहली बार सिंगापुर पहुंचीं कश्मीर की प्रीमियम चेरी और प्लम, किसानों की कमाई 50 फीसदी तक बढ़ने की उम्मीद
25 से 27 जुलाई के बीच आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
राजस्थान में कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है. मौसम विभाग के मुताबिक उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. पिछले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई. सबसे ज्यादा 203 मिलीमीटर बारिश सिरोही जिले के माउंट आबू में दर्ज की गई, जिसे बहुत भारी बारिश की श्रेणी में रखा जाता है. मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.
पहाड़ी राज्यों में बढ़ा खतरा
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश होने की संभावना है. लगातार हो रही बारिश की वजह से नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है और पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा भी बना हुआ है. वहीं जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम की वजह से कुछ समय के लिए रोकी गई वैष्णो देवी यात्रा फिर से शुरू कर दी गई है. हालांकि प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करें और सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें.
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और अंडमान-निकोबार में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. पश्चिम बंगाल में 25 से 30 जुलाई और बिहार में 28 से 30 जुलाई के बीच बारिश का दौर तेज हो सकता है.
गुजरात में भी तेज बारिश का असर
गुजरात के कई जिलों में भी बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने बनासकांठा, पाटन और कच्छ में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई है. इसके अलावा अहमदाबाद, गांधीनगर, राजकोट, सूरत, जूनागढ़, वलसाड और कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की है.