फिर सक्रिय हुआ मॉनसून.. 30 जुलाई तक बारिश का अलर्ट, धान किसानों को मिलेगा लाभ

पंजाब में 30 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. IMD ने 28-29 जुलाई के लिए ऑरेंज और 25, 27 व 30 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. अच्छी बारिश से राज्य में मॉनसून की कमी घटकर 23 फीसदी रह गई है. कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं.

Kisan India
नोएडा | Published: 25 Jul, 2026 | 05:50 PM

Punjab weather: पंजाब में 30 जुलाई तक कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है. पिछले तीन दिनों में राज्य के कई हिस्सों में हुई अच्छी बारिश के बाद मॉनसून की कमी (मॉनसून डेफिसिट) भी और कम हो गई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 25 जुलाई और फिर 28 से 30 जुलाई के बीच राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, 26 और 27 जुलाई के दौरान कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश होने के आसार हैं. वहीं, राज्य में अच्छी बारिश से धान समेत अन्य फसलों को लाभ पहुंचने वाला है.

मौसम विभाग ने 25, 27 और 30 जुलाई के लिए कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान  जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं 28 और 29 जुलाई को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पंजाब के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक और तेज हवाएं भी चलीं. मौसम विभाग ने राज्य में मॉनसून की स्थिति को सामान्य बताया है. वहीं, पड़ोसी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भी भारी बारिश दर्ज की गई.

24.6 मिमी बारिश गुरदासपुर में दर्ज की गई

बीते 24 घंटे में पंजाब में औसतन 6.6 मिमी बारिश हुई. सबसे अधिक 24.6 मिमी बारिश गुरदासपुर में दर्ज की गई. इसके बाद मुक्तसर में 15.6 मिमी, अमृतसर में 14.4 मिमी और फरीदकोट में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं, मोहाली, संगरूर और मानसा ऐसे जिले रहे, जहां बारिश नहीं हुई. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में दिन और रात का तापमान सामान्य बना रहा. सबसे अधिक अधिकतम तापमान बठिंडा में 36.6 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान पठानकोट में 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मॉनसून की कमी घटकर 23 फीसदी रह गई

पंजाब में पिछले कुछ दिनों से हो रही अच्छी बारिश के बाद मॉनसून की कमी  घटकर 23 फीसदी रह गई है. IMD के मुताबिक, 1 जुलाई से 24 जुलाई की सुबह तक राज्य में 97.2 मिमी बारिश हुई, जबकि इस अवधि का सामान्य औसत (LPA) 125.8 मिमी है. इससे पहले सप्ताह की शुरुआत में बारिश की कमी 38 फीसदी थी. 1 जुलाई को पंजाब पहुंचे मानसून के बाद अब तक 17 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। इन जिलों में बारिश की कमी 71 फीसदी तक दर्ज की गई है। वहीं अमृतसर, फरीदकोट, गुरदासपुर, मोगा और पठानकोट ऐसे जिले हैं, जहां अब तक सामान्य से अधिक बारिश हुई है.

पंजाब में बारिश जारी रहने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल मॉनसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बनी हुई है, जिससे बारिश की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं. इसके अलावा दक्षिण-पूर्व राजस्थान से जम्मू तक एक ट्रफ सक्रिय है और मध्य पाकिस्तान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ भी बना हुआ है. इन मौसम प्रणालियों के असर से आने वाले दिनों में पंजाब में बारिश जारी रहने की संभावना है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़