डेयरी किसानों की बढ़ती लागत और दूध खरीद के कम मूल्य से हो रहे नुकसान की भरपाई के लिए ओडिशा सरकार ने 2 रुपये प्रति लीटर मूल्य बढ़ोत्तरी की घोषणा की है. ओडिशा राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ (OMFED) राज्य के 3 लाख से ज्यादा डेयरी किसानों और पशुपालकों से खरीदे जाने वाले दूध का भाव 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाकर देगा. बता दें कि दुग्ध संघ रोजाना 6 लाख लीटर से ज्यादा दूध का कलेक्शन करता है.
11 सितंबर से डेयरी किसानों को मिलेगा नया भाव
ओडिशा सरकार ने डेयरी किसानों को दूध की खरीद के लिए दिए जाने वाले दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो 11 सितंबर से लागू होगी. राज्य सरकार ने कहा कि इस कदम से डेयरी सेक्टर को मजबूत करने और ओडिशा में दूध उत्पादकों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
राज्य के 3 लाख पशुपालकों को मिलेगा लाभ
ओडिशा के पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग के मंत्री गोकुलानंद मल्लिक ने कहा कि इस फैसले से राज्य भर के 3 लाख से ज्यादा डेयरी किसानों को फायदा होने की उम्मीद है, क्योंकि उन्हें दूध उत्पादन से अतिरिक्त आय मिलेगी. उन्होंने कहा कि सरकार डेयरी किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.
पशु चारा और देखभाल खर्च बढ़ने से चिंतित किसानों राहत मिलेगी
मंत्री ने कहा कि यह बदलाव डेयरी प्रोडक्शन से जुड़ी बढ़ती लागतों को लेकर चिंताओं के बीच किया गया है, जिसमें पशुओं का चारा, देखभाल और ट्रांसपोर्टेशन शामिल हैं. इस फैसले पर हाल की रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ज्यादा खरीद कीमत का मकसद उन किसानों को राहत देना है जो बढ़ी हुई इनपुट और प्रोडक्शन लागत का सामना कर रहे हैं.
गाय के दूध के लिए मिलेंगे अब 41 रुपये प्रति लीटर
इससे पहले मई में OMFED ने दूध खरीदने का रेट 1 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिया था, जिससे गाय के दूध का रेट 39.05 रुपये प्रति लीटर हो गया था. ताजा बढ़ोत्तरी के बाद गाय के दूध के लिए किसानों 41.05 रुपये प्रति लीटर भाव मिलेगा. राज्य सरकार ने कहा है कि इस कदम से डेयरी इकोसिस्टम को मजबूत करने और पूरे ओडिशा में दूध उत्पादकों की रोजी-रोटी में सुधार करने में मदद मिलेगी.
Odisha government has announced an increase of Rs 2 per litre in the milk procurement price paid to dairy farmers, effective from September 11.
Odisha Minister of Animal Husbandry and Fisheries Department, Gokulananda Mallick said, “The decision is expected to benefit more than…
— ANI (@ANI) September 8, 2026
रोजाना 6 लाख लीटर से ज्यादा दूध का कलेक्शन
ओडिशा राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ (OMFED) के अनुसार राज्य भर में फैलीं 4,455 दूध समितियों के जरिए रोजाना 6.70 लाख लीटर से ज्यादा दूध का कलेक्शन किया जाता है. कोऑपरेटिव सोसाइटी एक्ट 1962 के तहत 1980 में स्थापित OMFED राज्य की सबसे बड़ी डेयरी कोऑपरेटिव संस्था है. यह ग्रामीण डेयरी किसानों की स्थिति सुधारने और उन्हें शहरी ग्राहकों से जोड़ने का काम करती है.
OMFED के 12 डेयरी प्लांट में बनते हैं कई दुग्ध उत्पाद
दुग्ध संघ UHT और A2 दूध की सुविधाओं वाले 12 आधुनिक डेयरी प्लांट के साथ OMFED रोजाना दूध प्रोसेसिंग करके कई तरह के मिल्क उत्पाद तैयार करता है. इनमें हाई क्वालिटी वाला पनीर, घी, दही, मक्खन, मिठाइयां, लस्सी और अन्य डेयरी शामिल हैं.