अगले 7 दिन मौसम का कहर! राजस्थान से दिल्ली और हिमाचल तक भारी बारिश का अलर्ट, IMD की चेतावनी
Weather Update: देशभर में मॉनसून फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है.
IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश की संभावना है. खासकर राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. वहीं दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में बारिश हो सकती है.
उत्तर भारत में अब तक सामान्य से कम बारिश होने की वजह से कई जगह खरीफ फसलों की बुआई प्रभावित हुई है. ऐसे में आने वाले दिनों की बारिश खेती के लिए राहत लेकर आ सकती है, लेकिन कुछ इलाकों में ज्यादा बारिश से बाढ़ और जलभराव का खतरा भी बढ़ सकता है.
उत्तर भारत में बारिश और आंधी की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार में पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही गरज-चमक, तेज हवाएं और कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है.
राजस्थान में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट
राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून फिर से मजबूत होता दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. 30 जुलाई से 2 अगस्त तक पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में कई जगह तेज बारिश हो सकती है. जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी मॉनसून दोबारा सक्रिय होने का अनुमान है. बीते 24 घंटों में भी राज्य के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. सबसे ज्यादा 117 मिलीमीटर बारिश मालपुरा में हुई. इसके अलावा टोंक में 103 मिलीमीटर और जायल में 101 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.
दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग ने बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. दिनभर बादल छाए रहने और अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
अगले दो दिनों में तापमान में भी गिरावट आ सकती है. बारिश की वजह से दिल्ली की हवा भी पहले से साफ हुई है. फिलहाल राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) करीब 70 के आसपास है, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है.
हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में खतरा बढ़ा
पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश के चलते प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन में भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश दिए गए हैं. जम्मू-कश्मीर के डोडा और किश्तवाड़ जिले में भी खराब मौसम के कारण स्कूल बंद कर दिए गए हैं. वहीं उत्तराखंड में लगातार बारिश की वजह से लैंडस्लाइड और सड़कें बंद होने का खतरा बना हुआ है. प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय सावधानी बरतने की अपील की है.
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बारिश जारी
स्काईमेट ने पूरे पूर्वोत्तर भारत में तेज मॉनसूनी बारिश की संभावना जताई है. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और आसपास के राज्यों में कई जगह भारी बारिश हो सकती है. दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से जुड़े जिलों में अगले सात दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है. 30 जुलाई को नीलगिरि, जबकि 31 जुलाई और 1 अगस्त को कोयंबटूर, नीलगिरि और थेनी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है.
हालांकि पहाड़ी इलाकों में यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है, लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तमिलनाडु के कई मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक बना रह सकता है.