लखनऊ के मलिहाबाद में होने वाले खास खूबियों वाले दशहरी आम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काकोरी ब्रांड नाम दिया है. आम महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आमों का वैश्विक बाजार में पहचान है. देश के कुल आम उत्पादन में उत्तर प्रदेश का योगदान 26 फीसदी से अधिक है. उन्होंने किसानों से कहा कि केमिकल फ्री कृषि उत्पादों की ओर कदम बढ़ाएं क्योंकि इनकी वैश्विक बाजार में मांग अधिक है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आम महोत्सव में कहा कि राज्य सरकार कृषि को आधुनिक तकनीक, वैश्विक बाजार और गुणवत्ता आधारित उत्पादन से जोड़ने की दिशा में तेजी से काम कर रही है. उन्होंने कहा कि एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित खेती, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और निर्यात को बढ़ावा देकर उत्तर प्रदेश के आम को दुनिया के प्रमुख बाजारों तक पहुंचाने का लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि आम महोत्सव केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि किसानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ने का प्रभावी मंच है.
यूपी अकेले 26 फीसदी से ज्यादा आम का उत्पादन कर रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी राज्य है. देश के कुल आम उत्पादन में उत्तर प्रदेश का योगदान 26 फीसदी से अधिक है. उन्होंने कहा कि यूपी के आम की वैश्विक पहचान बन गई है. उन्होंने कहा कि महोत्सव में बायर्स-सेलर्स मीट के माध्यम से उत्पादकों को अपने उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग का अवसर मिल रहा है. इस दौरान प्रदर्शनी में रखा करीब आधा किलो वजनी आम उनकी उत्सुकता का केंद्र बना.
रसायन मुक्त उत्पादन के लिए बैगिंग तकनीक और पैक हाउस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तर प्रदेश के कृषि उत्पाद रसायन मुक्त हों और गुणवत्ता, खाद्य सुरक्षा तथा वैश्विक मानकों पर पूरी तरह खरे उतरें. इसके लिए किसानों को आम की सुरक्षा हेतु विशेष बैग उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे फलों की गुणवत्ता बेहतर बनी रहे. उन्होंने कहा कि प्रदेश में आम उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चार आधुनिक पैक हाउस स्थापित किए गए हैं.

सीएम ने आमों की प्रदर्शनी देखी.
मलिहाबाद के दशहरी आम को दिया काकोरी ब्रांड नाम
सीएम योगी ने बताया कि एक विशेष किस्म के आम को ‘काकोरी ब्रांड’ नाम दिया गया है, जो देशभक्ति और समर्पण का प्रतीक है. मुख्यमंत्री ने कहा कि मलिहाबाद का दशहरी आम जीआई टैग मिलने के बाद वैश्विक पहचान हासिल कर चुका है. इससे न केवल इस क्षेत्र के उत्पादकों को लाभ मिलेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश के बागवानी उत्पादों की विश्वसनीयता भी मजबूत होगी.
आम उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी राज्य है। देश के कुल आम उत्पादन में उत्तर प्रदेश का योगदान 26 प्रतिशत से अधिक है।
—मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी pic.twitter.com/x3iV4eLW8G
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) July 3, 2026
20 से ज्यादा देशों के बाजारों में जा रहा यूपी का आम
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का आम ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), मलेशिया और कुवैत सहित कई देशों में निर्यात किया जा रहा है. उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति और कृषि विकास की मजबूत नींव उसके किसान हैं. किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराने और कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है.