International Agriculture Market: महाराष्ट्र सरकार ने किसानों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने पालघर जिले में दुनिया का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय कृषि बाजार बनाने को मंजूरी दे दी है. इसका मकसद किसानों की फसल को सीधे देश और विदेश के बड़े बाजारों तक पहुंचाना है, ताकि उन्हें अपनी उपज का अच्छा दाम मिले और बिचौलियों पर कम निर्भर रहना पड़े. यह फैसला मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया. सरकार का कहना है कि, इस परियोजना से किसानों को अपनी फसल बेचने के नए मौके मिलेंगे और उनकी कमाई बढ़ाने में मदद मिलेगी.
पालघर के दापचरी में बनेगा मेगा कृषि बाजार
यह अंतरराष्ट्रीय कृषि बाजार महाराष्ट्र के पालघर जिले के दापचरी में बनाया जाएगा. यह जगह मुंबई से करीब 150 किलोमीटर और वाधवन बंदरगाह से लगभग 40 किलोमीटर की दूरी पर है, जिससे देश और विदेश तक सामान पहुंचाना आसान होगा.
करीब 558.43 हेक्टेयर (लगभग 1,395 एकड़) में बनने वाले इस बाजार में किसानों और कारोबारियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इसे फ्रांस के रुंगिस इंटरनेशनल मार्केट और नीदरलैंड के रॉय फ्लोरा हॉलैंड जैसे दुनिया के बड़े कृषि बाजारों की तर्ज पर तैयार किया जाएगा, ताकि किसानों की उपज को बेहतर तरीके से देश और विदेश के खरीदारों तक पहुंचाया जा सके.
किसानों को एक ही जगह मिलेंगी सभी सुविधाएं
इस अंतरराष्ट्रीय कृषि बाजार में किसानों और व्यापारियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं होंगी. यहां बड़े गोदाम, कोल्ड स्टोरेज, फलों को पकाने के लिए खास चैंबर, फसल की क्वालिटी जांचने की लैब, पैकिंग सेंटर, कंटेनर सुविधा, रेलवे से माल भेजने की व्यवस्था, ऑनलाइन नीलामी और निर्यात केंद्र बनाए जाएंगे.
इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि फसल की कटाई से लेकर उसकी पैकिंग, भंडारण और विदेश भेजने तक का पूरा काम एक ही जगह पर हो सकेगा. इससे किसानों का समय और खर्च दोनों कम होंगे, साथ ही उनकी उपज जल्दी और बेहतर तरीके से बाजार तक पहुंच सकेगी.
देश-विदेश तक आसान होगी पहुंच
सरकार इस अंतरराष्ट्रीय कृषि बाजार को मजबूत सड़क, रेल, हवाई और समुद्री परिवहन से जोड़ेगी. इसे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, समृद्धि एक्सप्रेसवे, वाधवन बंदरगाह और नजदीकी एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा, ताकि किसानों की फसल आसानी और तेजी से बड़े बाजारों तक पहुंच सके. बेहतर कनेक्टिविटी की वजह से फल, सब्जियां, अनाज और दूसरे कृषि उत्पाद कम समय में देश और विदेश के खरीदारों तक पहुंचाए जा सकेंगे. इससे किसानों को नए बाजार मिलेंगे, उनकी उपज का अच्छा दाम मिलने की संभावना बढ़ेगी और कृषि निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा.
कृषि व्यापार को मिलेगा नया आयाम
इस बड़े कृषि बाजार में सिर्फ फसल की खरीद-बिक्री ही नहीं होगी, बल्कि खेती और कृषि कारोबार से जुड़ी कई आधुनिक सुविधाएं भी एक ही जगह मिलेंगी. यहां आयात-निर्यात, कोल्ड चेन, माल की ढुलाई की बेहतर व्यवस्था, पैकिंग, कृषि से जुड़ी नई तकनीक और कृषि उत्पादों के कारोबार की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी. इसका फायदा सिर्फ किसानों को ही नहीं, बल्कि व्यापारियों, निर्यातकों और कृषि से जुड़े उद्योगों को भी मिलेगा. साथ ही इस परियोजना से आसपास के इलाकों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय लोगों की आमदनी बढ़ने की भी उम्मीद है.
किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम
राज्य सरकार का कहना है कि यह परियोजना किसानों को सीधे दुनिया के बड़े बाजारों से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम होगी. जब किसानों की फसल सीधे विदेशी खरीदारों तक पहुंचेगी, तो उन्हें अपनी उपज का बेहतर दाम मिलने की संभावना बढ़ेगी. इससे किसानों की कमाई बढ़ेगी और खेती का कारोबार भी मजबूत होगा.
अगर यह परियोजना तय समय पर पूरी हो जाती है, तो महाराष्ट्र दुनिया के बड़े कृषि व्यापार केंद्रों में अपनी अलग पहचान बना सकता है. सरकार का मानना है कि आने वाले समय में यह मेगा कृषि बाजार लाखों किसानों के लिए ज्यादा कमाई, नए बाजार और बेहतर कारोबार के अवसर लेकर आएगा.