47 लाख किसानों को किसान सम्मान राशि 20 हजार रुपये मिली, राज्य सरकार ने भी भेजे 6 हजार रुपये 

PM Kisan Annadata Sukhibhava Scheme: अन्नदाता सुखीभव PM किसान कल्याण योजना के तहत लाभार्थी किसानों के खाते में 3 किस्तों में 20 हजार रुपये सालाना देने का प्रावधान किया गया था. योजना के तहत किसानों को दो बार में 14 हजार रुपये जारी किए जा चुके थे. अब किसानों को बकाया 6 हजार रुपये की तीसरी किस्त भी जारी कर दी गई है.

नोएडा | Updated On: 15 Mar, 2026 | 12:59 PM

आंध्र प्रदेश के किसानों को दोहरी खुशी मिली है. केंद्र सरकार की पीएम किसान सम्मान निधि के तहत बीते दिन पीएम मोदी ने गुवाहाटी से किसानों के खाते में 2-2 हजार रुपये की किस्त जारी की है. जबकि, आंध्र प्रदेश सरकार ने पीएम किसान अन्नदाता सुखीभव योजना के तहत 6000 रुपये जारी कर दिए हैं. योजना के तहत आंध्र प्रदेश सरकार राज्य के किसानों को सालाना 20 हजार रुपये देती है. साल 2025 की आखिरी किस्त के रूप में बकाया 6 हजार रुपये भी अब जारी कर दिए गए हैं.

पीएम किसान अन्नदाता सुखीभव योजना की राशि जारी

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने ‘अन्नदाता सुखीभव PM किसान’ कल्याण योजना (PM Kisan Annadata Sukhibhava Scheme) के तहत लगभग 47 लाख किसानों को 2,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम जारी कर दी है. इस योजना के तहत किसानों को हर साल 20,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है. मुख्यमंत्री ने कृष्णा जिले के सुरमपल्ली में एक जनसभा से इस कल्याण योजना की तीसरी किस्त के तहत लगभग 47 लाख किसानों में से हर एक को 6,000 रुपये जारी किए हैं.

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने 2024 में विधानसभा चुनावों के दौरान किसानों को नकद राशि देकर उनका आर्थिक संकट दूर करने का वादा किया था. सरकार बनने के बाद राज्य के किसानों के लिए उन्होंने ‘अन्नदाता सुखीभव PM किसान’ कल्याण योजना की शुरुआत की थी. योजना के तहत लाभार्थी किसानों के खाते में 3 किस्तों में 20 हजार रुपये सालाना देने का प्रावधान किया गया था. योजना के तहत किसानों को दो बार में 14 हजार रुपये जारी किए जा चुके थे. अब प्रति किसानों को बकाया 6 हजार रुपये की तीसरी किस्त भी जारी कर दी गई है.

तीसरी किस्त में 6000 रुपये जारी किए गए

मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दिन रात मेहनत करने वाले किसान, जो हर मौसम में कड़ी मेहनत करते हैं, हमारे राष्ट्र की रीढ़ हैं. किसानों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए हम ‘अन्नदाता सुखीभव-PM किसान’ योजना चला रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज तीसरी किस्त के रूप में हमने 46.85 लाख किसानों के खातों में 6,000 रुपये प्रति किसान के हिसाब से कुल 2,670 करोड़ रुपये भेज दिए हैं.

किसानों को तीन किस्तों में भेजे 8985 करोड़

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले 2 अगस्त 2025 को किसानों के खाते में 3,174 करोड़ रुपये भेजे गए थे और उसके बाद 19 नवंबर 2025 को दूसरी किस्त के रूप में  किसानों को 3,135 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि अब तीसरी किस्त के रूप में 2,670 करोड़ रुपये भेज दिए हैं. इस तरह से हमारी सरकार ने राज्य के किसानों अब तक योजना के तहत कुल 8,985 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार किसानों के लिए काम कर रही है और किए गए वादे भी पूरे कर रही है.

कुछ घंटों में ही पीएम किसान के रूप में पहुंचे 8000 रुपये

पीएम मोदी ने असम के गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त (PM Kisan Smman Nidhi) के रूप में 9.32 करोड़ किसानों के खाते में 18640 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए हैं. यह राशि प्रति किसान के हिसाब से 2000 रुपये भेजी गई है. इस तरह से आंध्र प्रदेश के किसानों के खाते में 48 घंटे के दौरान 6000 रुपये राज्य की ओर से और 2000 रुपये केंद्र की ओर से भेजे गए हैं. किसानों को कुछ घंटों के दौरान ही 8000 रुपये खाते में पहंचे हैं. राज्य के किसानों में खुशी और उत्साह है.

Published: 15 Mar, 2026 | 12:56 PM

Topics: