कम लागत में बड़ा मुनाफा! मेमनों की सही देखभाल से घटाएं मृत्यु दर, बकरी पालन को बनाएं सफल व्यवसाय

Goat Farming Business: बकरी पालन ग्रामीण क्षेत्रों में कम लागत में अच्छा मुनाफा देने वाला व्यवसाय बनता जा रहा है. विशेषज्ञों के अनुसार, सही देखभाल, साफ-सफाई और संतुलित आहार से बकरियों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है और आय बढ़ती है. मेमनों को शुरुआती समय में कोलोस्ट्रम देना जरूरी होता है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 22 May, 2026 | 09:34 PM

Bakri Palan: ग्रामीण क्षेत्रों में बकरी पालन तेजी से किसानों और पशुपालकों के लिए कमाई का मजबूत जरिया बनता जा रहा है. कम लागत, कम जगह और जल्दी मुनाफा देने के कारण बड़ी संख्या में लोग इस बिजनेल की ओर आकर्षित हो रहे हैं. खासकर छोटे और सीमांत किसानों के लिए बकरी पालन एक्सट्रा इनकम का बेहतर सोर्स साबित हो रहा है.

डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग (बिहार सरकार) के अनुसार अगर बकरियों और मेमनों की सही देखभाल की जाए और उन्हें सही समय पर बाजार में बेचा जाए, तो इस व्यवसाय से अच्छा लाभ कमाया जा सकता है. विभाग ने बकरी पालन को लाभकारी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं.

मेमनों की देखभाल पर दें विशेष ध्यान

विभाग के अनुसार बकरी पालन में असली मुनाफा मेमनों को स्वस्थ रखकर और सही तरीके से तैयार करके मिलता है. अगर जन्म के बाद शुरुआती दिनों में मेमनों की देखभाल अच्छी हो, तो उनकी मृत्यु दर कम होती है और उनका विकास तेजी से होता है. पशुपालन विभाग ने सलाह दी है कि मेमने के जन्म के तुरंत बाद उसे मां का पहला गाढ़ा दूध यानी कोलोस्ट्रम जरूर पिलाना चाहिए. यह दूध रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में बेहद मददगार होता है. इससे मेमने कई बीमारियों से सुरक्षित रहते हैं और उनका शारीरिक विकास बेहतर होता है.

इसके अलावा पशुपालकों को हर 15 दिन में मेमनों का वजन जांचते रहना चाहिए. इससे उनकी वृद्धि का सही आकलन हो सकेगा और समय रहते पोषण या स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का पता लगाया जा सकेगा.

सही पोषण और साफ-सफाई भी जरूरी

बकरी पालन में केवल दवा और इलाज ही नहीं, बल्कि साफ-सफाई और संतुलित आहार का भी बड़ा महत्व होता है. पशु विशेषज्ञों का मानना है कि साफ वातावरण में रखी गई बकरियां कम बीमार पड़ती हैं और तेजी से बढ़ती हैं. बकरियों को हरा चारा, सूखा चारा और पर्याप्त मात्रा में साफ पानी देना जरूरी है. साथ ही उनके रहने की जगह सूखी और साफ होनी चाहिए, ताकि संक्रमण और बीमारियों का खतरा कम हो सके.

सही समय पर बिक्री से मिलेगा ज्यादा मुनाफा

बकरी पालन में कमाई बढ़ाने का एक बड़ा तरीका सही समय पर बिक्री करना भी है. विभाग के अनुसार यदि बकरियों को त्योहारों, खासकर ईद जैसे बड़े अवसरों से 3 से 4 महीने पहले तैयार किया जाए, तो बाजार में उनकी कीमत सामान्य दिनों की तुलना में 30 से 40 प्रतिशत तक अधिक मिल सकती है. विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार की मांग को समझकर यदि पशुपालक पहले से तैयारी करें, तो कम समय में बेहतर मुनाफा कमाया जा सकता है.

वजन के आधार पर करें बिक्री

अक्सर ग्रामीण क्षेत्रों में बकरियों की बिक्री अनुमान या ‘प्रति नग’ के हिसाब से की जाती है, जिससे पशुपालकों को सही कीमत नहीं मिल पाती. विभाग ने सलाह दी है कि बकरियों को वजन के आधार पर बेचने की कोशिश करनी चाहिए.

वजन के अनुसार बिक्री करने से पशुपालकों को उनकी मेहनत और पशु की गुणवत्ता के अनुसार बेहतर दाम मिलते हैं. इससे बाजार में पारदर्शिता भी बढ़ती है और मुनाफा ज्यादा होता है.

आधुनिक तरीके अपनाकर बढ़ाएं आय

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पशुपालक पारंपरिक तरीकों के साथ आधुनिक प्रबंधन तकनीकों को अपनाएं, तो बकरी पालन बेहद लाभकारी व्यवसाय बन सकता है. समय पर टीकाकरण, संतुलित पोषण, नियमित जांच और बाजार की सही समझ से पशुपालक अपनी आय में अच्छी बढ़ोतरी कर सकते हैं. बकरी पालन आज केवल पारंपरिक रोजगार नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला एक सफल व्यवसाय बनता जा रहा है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 22 May, 2026 | 09:34 PM

लेटेस्ट न्यूज़