ब्राजील हमारी प्राकृतिक और जैविक खेती पद्धति से खेती करेगा, अनार-लहसुन, अंगूर और किशमिश का निर्यात बढ़ेगा 

India Brazil Agriculture Pact: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत के अनार, लहसुन, अंगूर और किशमिश के निर्यात पर ब्राजील में चर्चा चल रही है. मार्केट एक्सेस और बाजार पहुंच से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई है. इस संबंध में MoU पर भी विचार-विमर्श चल रहा है.

नोएडा | Updated On: 20 Feb, 2026 | 01:05 PM

भारत के अनार-लहसुन, अंगूर और किशमिश उत्पादक किसानों को फायदा होने वाला है. क्योंकि, विदेशी मांग में बढ़ोत्तरी होने जा रही है. दरअसल, ब्राजील के साथ कृषि उत्पादों के आयात-निर्यात पर भारत की चर्चा चल रही है. ब्राजील ने भारत के इन उत्पादों को खरीद और बढ़ाने में दिलचस्पी दिखाई है. वहीं, ब्राजील हमारी प्राकृतिक और जैविक खेती पद्धति में रुचि ले रहा है और वह इन पद्धतियों के इस्तेमाल से अपने यहां खेती करेगा.

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में ब्राजील के कृषि मंत्री लुइज पाउलो टेक्सीरा फेरेरा और उनकी टीम के साथ अत्यंत उपयोगी चर्चा हुई. हमारा ICAR और ब्राजील की समकक्ष संस्था Embrapa कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग के लिए आगे बढ़ेंगे. इस संबंध में MoU पर भी विचार-विमर्श चल रहा है.

ब्राजील की विशेष रुचि प्राकृतिक खेती और जैविक खेती में

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि ब्राजील की विशेष रुचि प्राकृतिक खेती और जैविक खेती में है. इस क्षेत्र में भी हम मिलकर आगे बढ़ने पर चर्चा कर रहे हैं. वहीं, यह भी कहा जा रहा है कि भारत की प्राकृतिक और जैविक खेती पद्धति को अपनाकर ब्राजील खेती करेगा. वहीं, दोनों देश खेती तकनीक को भी एक दूसरे के साथ साझा करेंगे. बता दें कि भारत प्राकृतिक खेती मिशन के जरिए युद्ध स्तर पर नेचुरल फार्मिंग और ऑर्गेनिक फार्मिंग को बढ़ावा दे रहा है.

अनार, लहसुन, अंगूर और किशमिश के निर्यात पर

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत के अनार, लहसुन, अंगूर और किशमिश के निर्यात पर ब्राजील में चर्चा चल रही है. मार्केट एक्सेस और बाजार पहुंच से जुड़े कई मुद्दों पर सद्भावना पूर्वक विचार-विमर्श हुआ है. ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा के नेतृत्व में वरिष्ठ मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा भारत-ब्राजील संबंधों को और मजबूत करेगा.

कृषि को लेकर हुई चर्चा की जानकारी देते भारत और ब्राजील के कृषि मंत्री.

मेरठ में प्राकृतिक खेती पद्धति देखने पहुंचे ब्राजील के कृषि मंत्री

ब्राजील के कृषि विकास और परिवारिक खेती मंत्री लुइज पाउलो टेक्सीरा फेरेरा ने प्रकृति आधारित कृषि समाधानों में भारत के अनुभव से सीखने के लिए एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आईसीएआर के भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम मेरठ का दौरा बीते दिन किया. मिस्टर टेक्सेरा ने प्रोग्रेसिव लोकल नेचुरल किसानों से भी बातचीत की और नेचुरल खेती से प्रॉफिट बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की. उन्होंने प्रोडक्ट की क्वालिटी, न्यूट्रिशनल वैल्यू और खासियतों में खास दिलचस्पी दिखाई और खुद खेती के प्रोडक्ट के सैंपल लेकर उनकी खूबियों भी देखीं.

Published: 20 Feb, 2026 | 01:00 PM

Topics: