केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने संशोधित राज्य बजट 2026-27 पेश कर दिया है. बजट में उन्होंने महिलाओं के लिए रोजगार, स्वास्थ्य बीमा समेत कई बड़े ऐलान किए हैं. जबकि, कृषि और पशुपालन क्षेत्र के लिए कई नई घोषणा की गई हैं. इनमें रबर का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने के साथ ही डेयरी सेक्टर के लैब स्थापित करना भी शामिल हैं. जबकि, मानव वन्यजीव टकराव की स्थिति में मुआवजा राशि के लिए अलग फंड का प्रावधान किया गया है.
मुख्यमंत्री ने रबर का एमएसपी बढ़ाया
केरल में ढाई दशक से ज्यादा समय तक विधायक रहने वाले और वर्तमान मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने शुक्रवार को अपना पहला बजट पेश किया. राज्य के संशोधित बजट में आम लोगों, युवाओं, किसानों और कारोबारियों के लिए कई बड़े ऐलान किए गए हैं. किसानों के लिए रबर का समर्थन मूल्य 200 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिया गया है. इसके साथ ही रबर उत्पादकों को प्रोत्साहन मिलेगा और उत्पादन बढ़ेगा.
कृषि क्षेत्र पर खर्च होंगे 1535 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने केरल के कृषि क्षेत्र के लिए लगभग 1,535 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. बजट में किसानों की आय बढ़ाने और जलवायु-अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया है.कृषि मूल्य श्रृंखला (Agri Value Chain) को मजबूत करने और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए केरल की जलवायु-लचीली कृषि परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की घोषणा की गई है.
पशुपालन, डेयरी क्षेत्र में लैब बनाने समेत कई घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने बजट में पशु कल्याण और पशुपालन परियोजनाओं के लिए 318.46 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. डेयरी विकास के लिए 128.05 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं. इसके अलावा दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रयोगशालाओं के उन्नयन हेतु 8 करोड़ रुपये दिए जाएंगे. पशुधन विकास, पशु स्वास्थ्य सेवाओं और पशु कल्याण कार्यक्रमों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है.
With Mission Samudra, Kerala is embarking on a historic journey to transform itself into a maritime economy and a big port city connecting sea, road and air routes. This massive project will generate unprecedented job opportunities for our youth, especially those in coastal areas… pic.twitter.com/oC4U0aqB0b
— Congress Kerala (@INCKerala) June 19, 2026
मछली पालन क्षेत्र के लिए फंड की घोषणा
मछली पालन क्षेत्र को भी अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा की गई है. मत्स्य पालन क्षेत्र के लिए कुल 200.93 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. जबकि 250 करोड़ का पैकेज तय किया गया है, जो मछुआरों को दिया जाएगा. इसके अलावा वहीं, मानव-वन्यजीव संघर्ष से प्रभावित किसानों की सुरक्षा और मुआवजा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 192.20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
हर परिवार को 25 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज
केरल सरकार ने नई ‘ओमन चांडी हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम’ शुरू करने का फैसला किया है, जिसके तहत हर परिवार को 25 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा देने का लक्ष्य रखा गया है. इसके साथ ही मेडिकल और रिसर्च हब बनाने के लिए 100 करोड़ रुपये की लागत से ‘केरल हेल्थ एंड लाइफ साइंस सिटी’ बनाने का भी ऐलान किया गया है.