नींबू की कीमतों में उछाल, रेट में 40 फीसदी तक बढ़ोतरी.. 3500 रुपये 50 किलो हुआ भाव
भीषण गर्मी, कम बारिश और बढ़ती मांग के कारण नींबू के दाम तेजी से बढ़ गए हैं. आंध्र प्रदेश की गुडूर मंडी में थोक कीमत 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जबकि खुदरा बाजार में भाव 120 रुपये प्रति किलो तक है. Agmarknet के अनुसार, कई मंडियों में नींबू के भाव 13,600 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज किए गए.
Mandi Rate: लंबे समय तक पड़ रही भीषण गर्मी, कम बारिश और आषाढ़ महीने में बढ़ी मांग के कारण नींबू के दाम तेजी से बढ़ गए हैं. देश की प्रमुख नींबू मंडियों में शामिल आंध्र प्रदेश के गुडूर बाजार में पिछले कुछ दिनों में कीमतों में बड़ा उछाल आया है. कारोबारियों का कहना है कि सावन में मांग बढ़ने के साथ नींबू और महंगा हो सकता है. कुछ दिन पहले तक गुडूर मंडी में नींबू 20 से 50 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, लेकिन अब इसके दाम बढ़कर 25 से 70 रुपये प्रति किलो हो गए हैं. इसी तरह, 50 किलो की एक बोरी पहले 1,200 से 2,500 रुपये में बिक रही थी, जो अब गुणवत्ता के अनुसार 1,250 से 3,500 रुपये तक पहुंच गई है. यानी कीमत में 40 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है.
गुडूर नींबू मंडी से देश के कई बड़े शहरों में नींबू की सप्लाई होती है. यहां से दिल्ली, जयपुर, आगरा, लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज, गया, पटना, रांची, चेन्नई और कोयंबटूर समेत कई शहरों में नींबू भेजा जाता है. कारोबारियों के मुताबिक, इस बार लंबे समय तक तेज गर्मी और कम बारिश की वजह से नींबू की पैदावार उम्मीद से कम रही है. मौसम की मार से बागों में उत्पादन घटा, जिसके कारण अच्छी गुणवत्ता वाले नींबू की आवक कम हो गई है. यही वजह है कि बाजार में छोटे और पूरी तरह से तैयार न हुए नींबू की भी मांग बढ़ गई है.
मंडी में नींबू की आवक नहीं बढ़ी है
गुडूर मंडी के थोक व्यापारी रमेश ने द न्यू इंडियन एक्सपेस से कहा कि इस सीजन में भीषण गर्मी और सूखे जैसे हालात का सीधा असर नींबू की फसल पर पड़ा है. उत्पादन घटने और मांग ज्यादा रहने से बाजार में नींबू के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. एक अन्य व्यापारी ने बताया कि आषाढ़ महीने में नींबू की मांग हर साल बढ़ जाती है. अब सावन शुरू होने वाला है, ऐसे में मांग और बढ़ने की उम्मीद है. उनका कहना है कि अगर आने वाले दिनों में मंडी में नींबू की आवक नहीं बढ़ी, तो अगले कुछ हफ्तों में कीमतों में और तेजी देखने को मिल सकती है.
चिंटलापुडी एपीएमसी मंडी में नींबू का रेट
Agmarknet के आंकड़ों के मुताबिक, आंध्र प्रदेश की चिंटलापुडी एपीएमसी मंडी में 1 अगस्त 2026 को नींबू की कीमतों में मजबूती देखने को मिली. मंडी में करीब 0.20 मीट्रिक टन नींबू की आवक दर्ज की गई. इस दौरान नींबू का न्यूनतम भाव 3,400 रुपये, अधिकतम भाव 4,000 रुपये और मॉडल (औसत) भाव 3,700 रुपये प्रति क्विंटल रहा. वहीं, डेंडुलूरु एपीएमसी मंडी में नींबू के दाम ऊंचे बने हुए हैं. 3 अगस्त को मंडी में 3.65 मीट्रिक टन नींबू की आवक हुई. इस दिन न्यूनतम भाव 8,000 रुपये, अधिकतम भाव 14,400 रुपये और मॉडल (औसत) भाव 12,000 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. वहीं, 4 अगस्त को आवक बढ़कर 5.05 मीट्रिक टन हो गई. इसके बावजूद नींबू के दाम ऊंचे रहे. इस दिन न्यूनतम भाव 7,000 रुपये, अधिकतम भाव 13,600 रुपये और मॉडल भाव 10,000 रुपये प्रति क्विंटल रहा.