इन राज्यों में MSP से कम मक्का और सरसों का रेट, 150 रुपये क्विंटल हुआ प्याज.. किसानों को नुकसान
आंध्र प्रदेश के कुर्नूल एपीएमसी में प्याज की कीमतों में अंतर देखने को मिला. 16 मार्च को प्याज की न्यूनतम कीमत 387 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज की गई. जबकि, मॉडल प्राइस 1,059 रुपये क्विंटल रहा. हालांकि, अधिकतम कीमत 1,291 रुपये प्रति क्विंटल रही. ऐसे में किसानों का कहना है कि वे लागत भी नहीं निकाल पा रहे हैं.
Mandi Rate: अभी मंडियों में प्याज, टमाटर सहित कई फसलों के रेट उत्पादन लागत से काफी कम हैं. तेलंगाना के सदासिवपेट एपीएमसी में प्याज 150 रुपये किलो बिक रहा है. ऐसे में किसान लागत भी नहीं निकाल पा रहे हैं. सरसों और मक्के का भाव न्यूनतम समर्थ मूल्य (MSP) से भी कम है. हरियाणा में सरसों का मंडी भाव जहां 5,250 रुपये प्रति क्विंटल है, वहीं आंध्र प्रदेश में 16 मार्च को मक्के की न्यूनतम कीमत 1,475 रुपये प्रति क्विंटल रही. ऐसे में मंडी उपज बेचने आए किसानों को नुकसान उठाना पड़ा. किसानों को उम्मीद है कि जल्द ही कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है.
बात अगर टमाटर की करें तो देश के सबसे बड़े उत्पादक राज्य आंध्र प्रदेश में कीमतें इतनी कम हो गई हैं कि किसान लागत भी नहीं निकाल पा रहे हैं. e-NAM के आंकड़ों के अनुसार, मौजूदा वक्त में आंध्र प्रदेश के कई एपीएमसी में टमाटर की कीमतों में अंतर देखा गया है. गुर्रमकोंडा और कालिकिरी मंडी में 16 मार्च को टमाटर की न्यूनतम कीमत 800 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज की गई. जबकि, इस दिन मॉडल प्राइस 1,000 रुपये क्विंटल और मैक्सिमम रेट 1,200 रुपये प्रति क्विंटल रहे. हालांकि, मदनपल्ली मंडी में टमाटर का भाव कुछ बेहतर रहा. 16 मार्च को इस मंडी में टमाटर का मिनिमम रेट 900 रुपये, मॉडल रेट 920 रुपये और मैक्सिमम रेट 1,400 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. यानी किसानों को 8 रुपये लेकर 14 रुपये किलो तक टमाटर के रेट मिल रहे हैं. ऐसे में वे लागत भी नहीं निकाल पा रहे हैं.
किसान नहीं निकाल पा रहे लागत
e-NAM के आंकड़ों के मुताबिक, इसी तरह आंध्र प्रदेश के कुर्नूल एपीएमसी में प्याज की कीमतों में अंतर देखने को मिला. 16 मार्च को प्याज की न्यूनतम कीमत 387 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज की गई. जबकि, मॉडल प्राइस 1,059 रुपये क्विंटल रहा. हालांकि, अधिकतम कीमत 1,291 रुपये प्रति क्विंटल रही. ऐसे में किसानों का कहना है कि वे लागत भी नहीं निकाल पा रहे हैं. किसानों के मुताबिक, एक क्विंटल प्याज उगाने पर 1800 रुपये से 2000 रुपये की लागत आती है. इसलिए प्याज का भाव कम से कम 2500 रुपये क्विंटल होना चाहिए. तभी जाकर हम मुनाफा कमा सकते हैं.
150 रुपये क्विंटल पहुंचा प्याज का भाव
e-NAM के आंकड़ों पर नजर डालें तो आंध्र प्रदेश के केवल कुर्नूल मंडी में ही नहीं, बल्कि तेलंगाना के सदासिवपेट एपीएमसी में प्याज की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने मिला. 16 मार्च को यहां पर प्याज की न्यूनतम कीमत 150 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज की गई. जबकि, मोडल प्राइस 1,028 रुपये क्विंटल और अधिकतम कीमत 1,436 क्विंटल रही. ऐसे में मंडी उपज लेकर आए किसानों को नुकसान का सामना करना पड़ा.
हरियाणा में सरसों का रेट भी एमएसपी से कम
Agmarknet के आंकड़ों के मुताबिक, 12 मार्च को हरियाणा के अंबाला जिले के अंबाला कैंट एपीएमसी मार्केट में सरसों की कीमतें MSP से काफी कम रहीं. इस दिन न्यूनतम कीमत 5,250 रुपये प्रति क्विंटल, अधिकतम कीमत 5,900 रुपये प्रति क्विंटल और सामान्य (मॉडल) कीमत 5,400 रुपये प्रति क्विंटल रही. हालांकि, मौजूदा सरसों का एमएसपी 6,200 रुपये क्विंटल है. यानी किसान एमएसपी से कम कीमत में सरसों बेचने को मजबूर हैं. खास बात यह है कि तेलंगाना में सरसों का भाव हरियाणा से भी कम है. 16 मार्च को निजामाबाद एपीएमसी में सरसों की कीमतें एमएसपी से काफी कम रहीं. इस दिन न्यूनतम, मोडल और मैक्सिम रेट 4,445 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया.
मक्के का मंडी भाव एमएसपी से भी कम
इसी तरह आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी मक्के का भाव 16 मार्च को एमएसपी से कम रहा. इस दिन आंध्र प्रदेश के कुर्नूल एपीएमसी में मक्के की न्यूनतम कीमत 1,475 रुपये प्रति क्विंटल रही. जबकि मोडल प्राइस और अधिकतम प्राइस 1,679 रुपये क्विंटल दर्ज किया गया. वहीं, तमिलनाडु के अवलुर पेट एपीएमसी में भी मक्के की कीमतें एमएसपी से कम रही. अभी मक्का का मौजूदा एमएसपी 2,400 रुपये प्रति क्विंटल है. यह रेट सरकार ने साल 2025-26 सीजन के लिए तय किया है. अवलुर पेट एपीएमसी में मक्के की न्यूनतम, औसत और अधिकतम कीमतें 1,909 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज की गईं. वहीं, तेलंगाना के भैंसा एपीएमसी में मक्का की कीमतों में मामूली अंतर देखा गया. 16 मार्च को न्यूनतम कीमत 1,669 रुपये प्रति क्विंटल रही, जबकि मोडल और मैक्सिमम प्राइस 1,689 रुपये दर्ज किया गया.