पूसा-1509 धान से बढ़ी किसानों की कमाई! करनाल मंडी में मिल रहे 3,900 रुपये क्विंटल तक भाव

उत्तर प्रदेश से आने वाली जल्दी तैयार होने वाली पूसा-1509 धान की करनाल मंडियों में आवक तेज हो गई है. इस बार किसानों को 3,200 से 3,900 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहा है, जो पिछले साल से काफी ज्यादा है. निजी व्यापारियों की मजबूत मांग और बेहतर गुणवत्ता के कारण किसानों को अच्छी कमाई की उम्मीद है.

नोएडा | Published: 1 Aug, 2026 | 11:43 AM

उत्तर प्रदेश में उगाई जाने वाली पूसा-1509 धान की आवक हरियाणा के करनाल की अनाज मंडियों में तेजी से बढ़ रही है. इस बार किसानों को इस धान के पिछले साल के मुकाबले बेहतर दाम मिल रहे हैं. मंडियों में पूसा-1509 धान 3,200 से 3,900 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है. पिछले साल इसी समय यह धान 2,400 से 3,200 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिक रहा था. इस बार बेहतर कीमत मिलने से किसानों के चेहरे पर खुशी है और उन्हें खरीफ सीजन में अच्छी कमाई की उम्मीद है.

पूसा-1509 धान के अच्छे दाम और निजी व्यापारियों की मजबूत मांग के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान अपनी जल्दी तैयार होने वाली फसल बेचने के लिए हरियाणा के करनाल की मंडियों में पहुंच रहे हैं. अब तक जिले की कई अनाज मंडियों  में 29,891 मीट्रिक टन पूसा-1509 धान की आवक हो चुकी है. इनमें से 29,857 मीट्रिक टन धान निजी व्यापारियों ने खरीद लिया है, जिससे इस किस्म की मजबूत मांग का पता चलता है.

25,718 मीट्रिक टन धान की आवक

द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल धान की आवक पिछले साल की तुलना में काफी अधिक है. पिछले वर्ष इसी अवधि में करनाल की मंडियों में केवल 14,380 मीट्रिक टन पूसा-1509 धान पहुंचा था. करनाल जिले की मंडियों में सबसे अधिक 25,718 मीट्रिक टन पूसा-1509 धान करनाल अनाज मंडी में पहुंचा है. इसके अलावा इंद्री में 2,230 मीट्रिक टन, घरौंडा में 1,221 मीट्रिक टन और तरावड़ी में 690 मीट्रिक टन धान की आवक  दर्ज की गई है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान अप्रैल के मध्य में गेहूं की कटाई के बाद पूसा-1509 धान की रोपाई करते हैं. यह किस्म करीब 90 दिन में तैयार हो जाती है, इसलिए इसकी कटाई जुलाई के मध्य तक शुरू हो जाती है.

किसानों को हो रही बंपर कमाई

उत्तर प्रदेश के शामली जिले के किसान पवन कुमार ने कहा कि इस बार उन्हें पूसा-1509 धान के 3,700 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिला है. पिछले साल यही धान 2,900 से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिका था. बेहतर कीमत मिलने से किसान इस सीजन में अच्छी कमाई की उम्मीद कर रहे हैं. किसानों का कहना है कि पूसा-1509 जैसी जल्दी तैयार होने वाली धान की किस्म से उन्हें एक ही सीजन में दूसरी फसल लगाने का समय मिल जाता है.

पूसा-1509 धान की आवक लगातार बढ़ रही

करनाल आढ़तिया एसोसिएशन के अध्यक्ष रजनीश चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश से पूसा-1509 धान की आवक लगातार बढ़ रही है और आने वाले दिनों में इसमें और तेजी आने की उम्मीद है. ऑल इंडिया राइस एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विजय सेतिया ने कहा कि पूसा-1509 धान की गुणवत्ता  अच्छी होने और इसमें अवशेष (रेजिड्यू) की समस्या अपेक्षाकृत कम होने के कारण इसकी निर्यात बाजार में अच्छी मांग है. उन्होंने कहा कि यह किस्म कम पानी में तैयार हो जाती है और जल्दी पकने के कारण किसानों को एक अतिरिक्त फसल लेने का भी मौका मिलता है.

Topics: