चीनी की एक्स मिल कीमतों में गिरावट का असर खुदरा भाव पर नहीं, हफ्तेभर और चढ़े रहेंगे रिटेल प्राइस!

Sugar Prices : चीनी की कीमतों ने उपभोक्ता का रसोई बजट बिगाड़ दिया है. चीनी की एक्स मिल कीमतों में गिरावट जरूर आई है, लेकिन इसका असर अभी खुदरा बाजार पर दिखना शुरू नहीं हुआ है. अभी करीब सप्ताह भर खुदरा कीमतों के ऊपर बने रहने की आशंका है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 31 Aug, 2026 | 04:22 PM

सरकार के तमाम उपायों से सोमवार को मिल स्तर पर यानी चीनी की एक्स मिल कीमतें लगभग 30 फीसदी गिरकर 47 रुपये प्रति किलोग्राम रह गईं. मिल पर चीनी की कीमतें 18 अगस्त को 67 रुपये प्रति किलोग्राम के उच्चतम स्तर पर थीं. उद्योग सूत्रों का कहना है कि इस गिरावट का असर अभी तक खुदरा बाजार में नहीं दिखा है. जहां मिल दरों में गिरावट का असर थोक बाजार में लगभग तुरंत दिखता है, वहीं खुदरा कीमतों में बदलाव में 10 दिन तक का समय लगता है. ऐसे में यह भी आशंका जताई जा रही है कि अभी सप्ताह भर चीनी के खुदरा भाव चढ़े रह सकते हैं.

क्यों नीचे नहीं आ रहीं चीनी की खुदरा कीमतें

सूत्रों ने बताया कि जिन खुदरा विक्रेताओं ने पहले ऊंची दरों पर स्टॉक खरीदा था, वे नुकसान में इसे बेचना नहीं चाहते और जब तक उनका मौजूदा स्टॉक खत्म नहीं हो जाता, वे उसे पुरानी दरों पर ही बेचते रहेंगे. आमतौर पर एक खुदरा विक्रेता के पास चीनी के 10-15 बैग होते हैं, जिनमें से हर एक का वजन 50 किलोग्राम होता है. जब कम दर पर नया स्टॉक खरीदा जाएगा, तभी खुदरा कीमतों में उसी हिसाब से बदलाव होगा. चीनी उद्योग के एक सूत्र ने कहा कि खुदरा कीमतों में बदलाव दिखने में कम से कम 10 दिन लगते हैं. ऐसे में अभी कम से कम हफ्ते भर तक खुदरा कीमतें ऊपर बनी रह सकती हैं.

एक्स मिल और थोक कीमतों में 3 रुपये अंतर, खुदरा कीमत में 8 रुपये

चीनी उद्योग के सूत्रों ने बताया कि चीनी की एक्स-मिल और थोक कीमतों के बीच 2-3 रुपये प्रति किलोग्राम का अंतर और मिल और खुदरा कीमतों के बीच 7-8 रुपये प्रति किलोग्राम का अंतर होना आम बात है. आयात खोलने के अलावा सरकार ने थोक ग्राहकों और डीलर के लिए स्टॉक रखने के नियमों को सख्त कर दिया है और पहले ही चीनी के निर्यात पर रोक लगा दी थी. केंद्र सरकार ने कीमतों को बढ़ाने के लिए मिलों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि देश में चीनी का पर्याप्त स्टॉक है.

चीनी की अधिकतम खुदरा कीमत 74 रुपये प्रति किलो

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के अनुसार 30 अगस्त को चीनी की अधिकतम खुदरा कीमत 74 रुपये और न्यूनतम 40 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज की गई है. शहरों के स्तर पर दिल्ली में चीनी 62 रुपये, मुंबई में 66 रुपये, चेन्नई में 63 रुपये और रांची में 68 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही थी. जबकि, उपभोक्ताओं और निजी दुकानदारों का कहना है कि चीनी का भाव खुले बाजार में 75 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुका है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 31 Aug, 2026 | 04:15 PM

लेटेस्ट न्यूज़