तमिलनाडु ने दूध खरीद भाव 3 रुपये बढ़ाया, CM विजय ने 11 दिन में दूसरी बार बढ़ाया दाम, पशुपालक खुश

Milk Procurement Price: तमिलनाडु सरकार ने डेयरी किसानों को बड़ी राहत देते हुए 11 दिनों में दूसरी बार दूध का खरीद मूल्य बढ़ाने की घोषणा कर दी है. सरकार ने दूध सहकारी संघ Aavin के जरिए किसानों खरीदे जाने वाले दूध के लिए 3 रुपये बढ़ाकर देने के निर्देश जारी किए हैं.

Saurabh Sharma
नोएडा | Updated On: 31 Aug, 2026 | 03:20 PM

Aavin Milk Price: तमिलनाडु के डेयरी किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है. मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को आविन (Aavin) के लिए दूध खरीद मूल्य में एक बार फिर बढ़ोतरी का ऐलान किया है. अब किसानों से दूध 44 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदा जाएगा. इससे पहले किसानों को 41 रुपये प्रति लीटर का भुगतान किया जा रहा था. यानी खरीद मूल्य में सीधे 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. सीएम विजय ने बीते 11 दिनों में दूसरी बार दूध खरीद कीमतों में बढ़ोत्तरी की है.

सरकार का कहना है कि पशु चारा, दवाइयों और पशुओं के रखरखाव की लागत लगातार बढ़ रही है. ऐसे में दूध खरीद का रेट बढ़ने से डेयरी किसानों की आय को सहारा मिलेगा. खास बात यह है कि अगस्त महीने में ही दूध खरीद मूल्य में यह दूसरी बढ़ोतरी है.

अगस्त में दूसरी बार बढ़ा दूध खरीद का रेट

मुख्यमंत्री विजय ने इससे पहले 19 अगस्त को विधानसभा में दूध खरीद मूल्य  को 38 रुपये से बढ़ाकर 41 रुपये प्रति लीटर करने की घोषणा की थी. अब इसमें फिर 3 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है. इस तरह अगस्त में किसानों को मिलने वाला दूध खरीद मूल्य कुल 6 रुपये प्रति लीटर बढ़ गया है. इस फैसले से डेयरी किसानों को बढ़ती लागत के बीच कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. सरकार के मुताबिक, दूध खरीद मूल्य बढ़ाने से राज्य सरकार पर हर महीने करीब 60 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा. वहीं, सालाना वित्तीय बोझ करीब 720 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है.

किसानों के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी फायदा

सरकार का मानना है कि दूध उत्पादकों  की आय बढ़ने से इसका फायदा केवल डेयरी किसानों तक सीमित नहीं रहेगा. इससे गांवों की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है. ज्यादा आय मिलने पर किसान पशुपालन में निवेश कर सकेंगे और चारे व पशुओं के रखरखाव पर होने वाले खर्च को बेहतर तरीके से संभाल पाएंगे. बढ़ती इनपुट लागत के बीच डेयरी कारोबार को किसानों के लिए लाभकारी बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता बताई गई है. दूध खरीद मूल्य में लगातार बढ़ोतरी को इसी दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.

बिजली नेटवर्क के लिए 33,066 करोड़ का बड़ा निवेश

डेयरी किसानों  के लिए राहत के साथ मुख्यमंत्री ने राज्य के बिजली नेटवर्क को मजबूत करने के लिए भी बड़ी घोषणा की है. तमिलनाडु ट्रांसमिशन इम्प्रूवमेंट स्कीम के लिए 33,066 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं. इसके तहत राज्य में 196 नए सबस्टेशन बनाए जाएंगे और करीब 15,000 किलोमीटर बिजली लाइन बिछाई जाएगी. इसके अलावा तूतीकोरिन में 1,600 मेगावाट क्षमता का सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर स्टेशन बनाने की योजना है. पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल से बनने वाली इस परियोजना में करीब 20,800 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है.

सेमीकंडक्टर पार्क से फिनटेक हब तक कई बड़े प्रोजेक्ट

चेन्नई के बिजली वितरण नेटवर्क को मजबूत करने और शहरी बाढ़ जैसी समस्याओं से निपटने के लिए 1,762 करोड़ रुपये के अपग्रेड की घोषणा की गई है. वहीं, कांचीपुरम जिले के मदुरमंगलम में 175 करोड़ रुपये की लागत से सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग पार्क बनाया जाएगा. कोयंबटूर में 400 करोड़ रुपये का फिनटेक हब विकसित करने की योजना है. इसके अलावा तिरुचिरापल्ली क्षेत्र में मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक्स हब बनाने की घोषणा की गई है. इसका उद्देश्य औद्योगिक सप्लाई चेन और परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना है. इस तरह दूध खरीद मूल्य बढ़ाने के साथ तमिलनाडु सरकार ने बिजली, उद्योग और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर भी जोर दिया है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 31 Aug, 2026 | 03:14 PM

लेटेस्ट न्यूज़