16 मार्च से शुरू हो सकती है तंबाकू खरीदी, केंद्रीय मंत्री का ऐलान..190 देशों के राजदूतों को भेजा जाएगा पत्र

कर्नाटक में 16 मार्च से तंबाकू की खरीद दोबारा शुरू होने की उम्मीद है. कीमतें 320 से घटकर 250 रुपये प्रति किलो होने से किसानों को नुकसान हुआ. केंद्र सरकार कंपनियों से बातचीत कर रही है और 190 देशों को पत्र भेजकर भारतीय तंबाकू खरीदने के लिए आमंत्रित करने की तैयारी कर रही है.

नोएडा | Published: 14 Mar, 2026 | 01:10 PM

Tobacco Purchased: कर्नाटक के तंबाकू किसानों के लिए खुशखबरी है. राज्य में 16 मार्च से तंबाकू की खरीदी फिर से शुरू हो सकती है. इसके लिए मंत्रालय के अधिकारी तंबाकू खरीदने वाली बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे. साथ ही 190 देशों के राजदूतों को पत्र भेजकर उनकी कंपनियों को सीधे भारतीय तंबाकू खरीदने के लिए आमंत्रित किया जाएगा. सरकार को उम्मीद है कि जल्द की कुछ रास्ता निकलेगा. वहीं, किसानों को कहना है कि अगर 16 मार्च से तंबाकू की खरीदी शुरू होती है, तो उन्हें राहत मिलेगी. इस बार फसल बेचकर अच्छी कमाई करने की उम्मीद है. लेकिन कीमतों में गिरावट नहीं नहीं चाहिए. कहा जा रहा है कि कीमतों में गिरावट के चलते कई नीलामी केंद्रों पर तंबाकू की खरीद कुछ समय के लिए रोक दी गई थी,  क्योंकि किसानों को नुकसान हो रहा था.

केंद्रीय इस्पात और भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने अपने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों को तंबाकू खरीदने  वाली कंपनियों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि अधिकारियों से किसानों के हित में जरूरी कदम उठाने और तंबाकू उत्पादकों को सहायता देने के उपाय तलाशने को कहा गया है.

दरअसल, केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी मैसूर क्षेत्र के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ नई दिल्ली में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से मिले और कर्नाटक के तंबाकू किसानों की समस्याओं पर चर्चा की. जनता दल (सेक्युलर) के नेता कुमारस्वामी ने कहा कि पीयूष गोयल ने भरोसा दिलाया है कि सोमवार, 16 मार्च से तंबाकू की खरीद फिर से शुरू करने के लिए कदम उठाए जाएंगे. इसके लिए उनके मंत्रालय के अधिकारी तंबाकू खरीदने वाली बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे.

तुरंत तंबाकू की खरीद शुरू करने की मांग

कुमारस्वामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (formerly Twitter) पर लिखा कि मंत्री ने किसानों की कई अहम मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. इनमें तुरंत तंबाकू की खरीद शुरू करना, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात बढ़ाना और विदेशों में नए बाजार तलाशना शामिल है. केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने दी जानकारी देते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अपने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और तंबाकू खरीदने वाली कंपनियों के प्रमुख लोगों को इस मुद्दे पर चर्चा करने और किसानों को जल्द राहत देने के लिए जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया है. मैसूर क्षेत्र से गए इस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा भी शामिल थे.

190 देशों के राजदूतों को पत्र भेजा जाएगा

प्रतिनिधिमंडल में शामिल पूर्व मंत्री एसआर महेश ने कहा कि केंद्रीय वाणिज्य मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि 190 देशों के राजदूतों को पत्र भेजकर उनकी कंपनियों को सीधे भारतीय तंबाकू खरीदने के लिए आमंत्रित किया जाएगा. इसके अलावा उन देशों में भी तंबाकू के निर्यात  को बढ़ाने की कोशिश की जाएगी, जहां पहले भारतीय तंबाकू नहीं भेजा जाता था. महेश ने यह भी कहा कि राज्य सरकार से तंबाकू के लिए समर्थन मूल्य (सपोर्ट प्राइस) देने की अपील भी की जाएगी, ताकि किसानों को बेहतर दाम मिल सके.

गिरकर 250 रुपये किलो हुआ तंबाकू

कर्नाटक में कई नीलामी केंद्रों पर तंबाकू की खरीद कुछ समय के लिए रोक दी गई थी, क्योंकि पिछले कुछ दिनों में इसकी कीमत तेजी से गिरकर लगभग 320 रुपये प्रति किलो से घटकर करीब 250 रुपये प्रति किलो रह गई थी. किसानों का आरोप है कि तंबाकू खरीदने वाली कंपनियों ने खरीद कम कर दी, जिससे बाजार में कीमतें अचानक गिर गईं. किसानों ने सरकार से मांग की है कि तंबाकू की कीमत बढ़ाने के कदम उठाए जाएं और नीलामी केंद्रों पर विदेशी खरीदारों को भी बुलाया जाए, ताकि ज्यादा प्रतिस्पर्धा हो और किसानों को बेहतर दाम मिल सकें.

Topics: