चीनी पर UP सरकार का बड़ा फैसला! आज से 50-52 रुपये किलो मिलेगी चीनी, जानें कहां से खरीदें
Sugar Sale UP: लखनऊ में आम लोगों को चीनी की कीमतों में राहत देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार 5 सितंबर से 50-52 रुपये प्रति किलो की दर पर चीनी बेचने जा रही है. यह सुविधा सभी कामकाजी दिनों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मिलेगी. 1 किलो से लेकर 50 किलो तक के पैक उपलब्ध होंगे.
UP Sugar Sale: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रहने वाले लोगों के लिए चीनी की कीमत को लेकर राहत की खबर है. राज्य सरकार ने बाजार के मुकाबले कम दाम पर चीनी उपलब्ध कराने का फैसला किया है. इसके तहत 5 सितंबर से 50 से 52 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी बेची जाएगी. इस पहल का फायदा लखनऊ के 40 लाख से ज्यादा लोगों को मिलने की उम्मीद है. सरकार का कहना है कि इस कदम का मकसद बाजार में चीनी की कीमतों में चल रहे उतार-चढ़ाव के बीच आम लोगों को राहत देना है. चीनी की बिक्री शुगरकेन फार्मर्स इंस्टीट्यूट कैंपस में की जाएगी.
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मिलेगी चीनी
गन्ना विकास विभाग के मुताबिक चीनी की बिक्री सभी कामकाजी दिनों में होगी. लोग सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच संस्थान के कैंपस पहुंचकर चीनी खरीद सकेंगे. सरकार ने अलग-अलग जरूरत के हिसाब से कई पैक साइज भी रखे हैं, ताकि लोगों को अपनी जरूरत के मुताबिक चीनी खरीदने में आसानी हो.
1 किलो से लेकर 50 किलो तक के पैक
सरकारी व्यवस्था के तहत 1 किलो चीनी 52 रुपये और 2 किलो का पैक 102 रुपये में मिलेगा. वहीं 5 किलो चीनी की कीमत 250 रुपये रखी गई है. बड़े खरीदारों के लिए 50 किलो का पैक 2,500 रुपये में उपलब्ध होगा. उत्तर प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत छोटे दुकानदारों को भी करीब 50 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी मिलने की संभावना है. अगर ऐसा होता है तो लखनऊ में खुदरा बाजार में चीनी की कीमत करीब 55-56 रुपये प्रति किलो तक आ सकती है.
बाजार में अभी कितने हैं चीनी के दाम?
प्रदेश सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है जब बाजार में चीनी की कीमतें अभी भी काफी ऊंची हैं. उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 3 सितंबर को उत्तर प्रदेश में चीनी की औसत खुदरा कीमत 60.69 रुपये प्रति किलो थी. इससे पहले यह कीमत 64.40 रुपये प्रति किलो थी. लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में लोगों को फिलहाल चीनी करीब 65 से 70 रुपये किलो तक खरीदनी पड़ रही है. ऐसे में सरकारी बिक्री शुरू होने के बाद आम उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिल सकती है.
देशभर की बात करें तो चीनी की औसत खुदरा कीमत 61.93 रुपये प्रति किलो पर आ गई है, जो पहले 62.23 रुपये थी. हालांकि कुछ जगहों पर चीनी 85 रुपये किलो तक बिक रही है, जबकि कुछ बाजारों में इसका भाव 45 रुपये किलो तक भी है.
थोक बाजार में भी गिरे चीनी के भाव
सरकार के इस कदम के बीच थोक बाजार में भी चीनी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है. अलग-अलग बाजारों में भाव करीब 150 से 400 रुपये प्रति क्विंटल तक नीचे आए हैं. इसमें चेन्नई में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई. हालांकि चीनी मिलों की ओर से दिए जा रहे भाव में फिलहाल ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है. S-30 ग्रेड चीनी करीब 4,300 रुपये प्रति क्विंटल और M-30 ग्रेड 4,400 रुपये से ज्यादा पर बनी हुई है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चीनी के दाम पर नजर बनी हुई है. अक्टूबर डिलीवरी के लिए कच्ची चीनी का भाव करीब 18.18 सेंट प्रति पाउंड यानी लगभग 400 डॉलर प्रति टन रहा. वहीं लंदन में दिसंबर डिलीवरी वाली सफेद चीनी करीब 527.20 डॉलर प्रति टन पर थी.