अंतरष्ट्रीय पोटैटो सेंटर की सुस्त रफ्तार ने बढ़ाई टेंशन, किसानों के प्रोजेक्ट में देरी पर बरसे सीएम योगी

International Potato Center Agra: मुख्यमंत्री योगी ने अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र की धीमी रफ्तार पर तुरंत तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि किसानों के फायदे के लिए बन रहे केंद्र में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. 

नोएडा | Updated On: 26 Jul, 2026 | 12:36 PM

उत्तर प्रदेश के आगरा में अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र की स्थापना की जा रही है. इसके लिए केंद्र सरकार ने 111 करोड से ज्यादा की राशि और राज्य सरकार ने भी मोटी रकम बहुत पहले ही जारी कर दी है. लेकिन, केंद्र स्थापना की सुस्त रफ्तार ने किसानों को इसका लाभ पाने के लिए और इंतजार करने के लिए मजबूर किया है. आलू केंद्र को लेकर अधिकारियों के ढुलमुल रवैये की शिकायत मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाराजगी जताई है. आगरा में आज शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ के मौके पर उन्होंने परियोजना की रफ्तार पर असंतोष जताते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.

किसानों की जमीन के लिए वर्तमान दरों पर भुगतान करने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय आगरा दौरे के दूसरे दिन डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के शिवाजी मंडपम सभागार में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया. इस योजना से उच्च शिक्षा विभाग के लाखों शिक्षक और उनके आश्रितों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी. उन्होंने जल जीवन मिशन में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए खराब सड़कों को जल्द ठीक कराने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने भूमि अधिग्रहण का भुगतान वर्तमान दरों पर करने, रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के पुनर्वास, अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई और जनसुनवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए.

आलू केंद्र की धीमी रफ्तार पर बरसे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में आगरा के अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र की स्थापना की धीमी रफ्तार पर तुरंत तेजी लाने के निर्देश दिए. International Potato Center (CIP) की भारत में स्थापना होनी थी. हमने इसके लिए आगरा में भूमि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया और आज CIP ने यहां सफलतापूर्वक अपना कार्य प्रारंभ कर दिया है. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र की परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया.

सीएम योगी ने आलू केंद्र पर संबोधन दिया.

किसानों के लिए बन रहे आलू केंद्र में देरी बर्दाश्त नहीं

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र का सीधा लाभ हमारे अन्नदाता किसानों को मिलेगा. इसमें देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगा. इस केंद्र की मदद से किसानों के उत्पादों का वैल्यू एडिशन होगा, आय में वृद्धि होगी और उनके जीवन में समृद्धि आएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को कम लागत में अच्छी पैदावार मिले और सही समय पर उत्तम बीज मिल सके, इसलिए आगरा में ‘इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर’ (अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र) स्वीकृत किया गया है. इससे आलू किसानों की आय बढ़ेगी और उनकी फसल को बेहतर दाम मिलेंगे.

निर्माण गति बेहद धीमी होने से एक साल बाद भी प्रोजेक्ट अधूरा

केंद्रीय कैबिनेट ने बीते साल 25 जून 2025  को आलू किसानों को बड़ा तोहफा देते हुए पोटैटो सेंटर बनाने को मंजूरी दी और इसके लिए पहले चरण के तहत  111.5 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी आवंटित की. तब से एक साल गुजरने के बाद भी आगरा के सिंगना में अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र (सीआईपी) के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना चल रही है. उम्मीद थी कि 2026 के अक्टूबर तक यह सेंटर रनिंग पोजीशन में आ जाएगा. लेकिन, अभी यह निर्माण स्टेज में ही है.

मुधमेह के मरीजों के खाने योग्य किस्में तैयार होंगी

भारत में आलू की टेबल वैरायटी का उत्पादन होता है, जबकि निर्यात बाजार में प्रोसेस करने योग्य किस्मों की मांग होती है. इसमें जर्म प्लाज्म का भंडार होगा, जिसका उपयोग करके अधिक उत्पादकता वाले बीज तैयार किए जाएंगे. केंद्र सरकार द्वारा ऐसी नई किस्मों के प्रजनन का कार्य किया जाएगा जो जलवायु अनुकूल हों और गर्मी, रोगों तथा कीटों के प्रतिरोधी क्षमता से परिपूर्ण हों. इस केंद्र के माध्यम से बायोफार्टिफाईड किस्मों के विकास पर भी बल दिया जाएगा. ऐसी वैरायटी बनाने पर भी जोर होगा, जिसे मुधमेह के मरीज भी खा सकें.

देश में 34 प्रतिशत आलू पैदा करता है यूपी

शिवराज सिंह ने कहा कि वर्तमान में आलू का अधिकांश उत्पादन उत्तर भारतीय राज्यों में होता है और विंध्य पर्वत श्रृंखला के दक्षिण में उत्पादन बहुत कम है, इसलिए इस केंद्र के माध्यम से विभिन्न कृषि जलवायु क्षेत्रों के अनुसार उपयुक्त आलू की किस्मों के विकास पर भी ध्यान दिया जाएगा. अभी देश में 34 प्रतिशत आलू का उत्पादन उत्तर प्रदेश में होता है, जिसमें आगरा व आसपास के क्षेत्र प्रमुख है, इसलिए आगरा में इस केंद्र की स्थापना का निर्णय लिया गया है.

Published: 26 Jul, 2026 | 12:32 PM

Topics: