खेत में झोंक रहे हैं पैसा, फिर भी नहीं मिल रही पैदावार? मिट्टी की ये एक गलती आपको कर रही है कंगाल
Soil Health Care: आजकल मिट्टी की खराब होती सेहत किसानों की सबसे बड़ी समस्या बन गई है, जिससे पैदावार लगातार घट रही है. ऐसे में मिट्टी परीक्षण एक आसान और असरदार तरीका है, जिससे किसान जान सकते हैं कि खेत में कौन से पोषक तत्व की कमी है. सही मात्रा में खाद डालकर न सिर्फ लागत कम की जा सकती है, बल्कि फसल की गुणवत्ता और उत्पादन भी बढ़ाया जा सकता है.
Soil Testing: आज मेहनत कम नहीं हुई, लेकिन खेत का नतीजा जरूर बदल गया है, फसल पहले जैसी नहीं रही. कई किसान समझ नहीं पाते कि आखिर कमी कहां रह गई. असल में समस्या खेती में नहीं, मिट्टी की बिगड़ती सेहत में छिपी है. सालों से लगातार रासायनिक खादों के इस्तेमाल ने जमीन के जरूरी पोषक तत्वों को कमजोर कर दिया है. नतीजा यह है कि फसल की गुणवत्ता गिर रही है और पैदावार भी घटती जा रही है. कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार बताते हैं कि, ऐसे में समय रहते मिट्टी की जांच यानी सॉइल टेस्टिंग ही वह उपाय है, जो खेत की असली स्थिति सामने लाकर सही दिशा दिखा सकता है.
क्यों जरूरी है मिट्टी का परीक्षण?
मिट्टी परीक्षण एक तरह से आपकी जमीन का ‘हेल्थ चेकअप’ है. विशेषज्ञों के अनुसार, हर किसान को 2 से 3 साल में एक बार अपने खेत की मिट्टी की जांच जरूर करवानी चाहिए. इससे यह पता चलता है कि खेत में कौन-कौन से पोषक तत्व कम हैं और किस खाद की कितनी जरूरत है.
जांच के बाद किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड मिलता है, जिसमें मिट्टी की पूरी जानकारी होती है. इससे किसान सही मात्रा में खाद डालकर बेहतर उत्पादन ले सकते हैं.
मिट्टी में कौन-कौन से पोषक तत्व जरूरी हैं?
अच्छी फसल के लिए मिट्टी में पोषक तत्वों का संतुलन बहुत जरूरी होता है. ये मुख्य रूप से तीन प्रकार के होते हैं:
- मुख्य तत्व (Macro Nutrients): नाइट्रोजन, फॉस्फोरस और पोटेशियम – ये फसल की बढ़वार के लिए सबसे जरूरी होते हैं.
- द्वितीय तत्व (Secondary Nutrients): कैल्शियम, मैग्नीशियम और सल्फर – ये मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखते हैं.
- सूक्ष्म तत्व (Micro Nutrients): जिंक, आयरन और कॉपर – इनकी थोड़ी मात्रा भी फसल के लिए बहुत अहम होती है.
अगर इनमें से किसी भी तत्व की कमी या अधिकता हो जाए, तो फसल को नुकसान होता है. इसलिए संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है.
मिट्टी का सही सैंपल कैसे लें?
सही रिपोर्ट पाने के लिए मिट्टी का सही सैंपल लेना बहुत जरूरी है.
- एक एकड़ खेत में 5-6 जगह से मिट्टी लें.
- करीब 15 सेंटीमीटर गहराई से सैंपल निकालें.
- सभी मिट्टी को मिलाकर एक समान करें.
- उसमें से थोड़ा हिस्सा लेकर साफ थैली में भरें.
- थैली पर अपना नाम, आधार और खेत की जानकारी जरूर लिखें.
इस प्रक्रिया से जांच का रिजल्ट ज्यादा सटीक आता है.
कहां करवाएं मिट्टी की जांच?
किसान अपने मिट्टी के सैंपल को कृषि विभाग की लैब, कृषि विज्ञान केंद्र या नजदीकी कृषि कॉलेज में जमा कर सकते हैं. कुछ दिनों में रिपोर्ट तैयार हो जाती है और सॉइल हेल्थ कार्ड मिल जाता है.
मिट्टी का सैंपल लेने का सबसे सही समय है फसल की कटाई के बाद या नई फसल बोने से पहले. इस समय जांच कराने से किसान सही योजना बना सकते हैं और बेहतर परिणाम पा सकते हैं.
कम खर्च में ज्यादा मुनाफा कैसे?
मिट्टी परीक्षण का सबसे बड़ा फायदा यह है कि किसान जरूरत के हिसाब से ही खाद का उपयोग करते हैं. इससे बेवजह खर्च कम होता है और फसल की गुणवत्ता भी बेहतर होती है. यानी अगर सही समय पर मिट्टी की जांच कराई जाए, तो किसान कम लागत में ज्यादा उत्पादन हासिल कर सकते हैं.
मिट्टी की सेहत ही अच्छी खेती की नींव है. अगर किसान समय-समय पर मिट्टी का परीक्षण कराएं और सही पोषक तत्वों का संतुलन बनाए रखें, तो न केवल पैदावार बढ़ेगी बल्कि जमीन भी लंबे समय तक उपजाऊ बनी रहेगी.