घर पर सिंदूर तैयार करने का जानें आसान तरीका, कमाई के साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद

आजकल बाजार में मिलने वाले सिंदूर में केमिकल मिलावट की समस्या बढ़ रही है, जिससे त्वचा को नुकसान हो सकता है. ऐसे में घर पर सिंदूर का पौधा लगाकर शुद्ध और प्राकृतिक सिंदूर तैयार करना एक सुरक्षित विकल्प बन रहा है. यह तरीका आसान, किफायती और स्वास्थ्य के लिए बेहतर माना जा रहा है.

नोएडा | Published: 24 Apr, 2026 | 01:07 PM

Organic Gardening: आज के समय में लोग सिर्फ खाने-पीने में ही नहीं, बल्कि पूजा-पाठ और श्रृंगार की चीज़ों में भी शुद्धता को प्राथमिकता देने लगे हैं. बाजार में मिलने वाले सिंदूर में केमिकल और लेड की मिलावट की खबरों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. ऐसे में घर पर ही प्राकृतिक सिंदूर तैयार करने का विकल्प तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. लिपस्टिक ट्री यानी सिंदूर का पौधा इस दिशा में एक बेहतरीन समाधान बनकर उभरा है.

क्या है सिंदूर का पौधा और क्यों है खास?

सिंदूर का पौधा, जिसे वैज्ञानिक रूप से Bixa orellana कहा जाता है, एक सजावटी और औषधीय गुणों वाला पौधा है. इसके फल के अंदर चमकीले लाल रंग के बीज होते हैं, जिनसे प्राकृतिक सिंदूर तैयार किया जाता है. यह न केवल केमिकल-फ्री होता है, बल्कि त्वचा के लिए भी सुरक्षित माना जाता है. विशेषज्ञों के अनुसार, प्राकृतिक रंगों का उपयोग शरीर के लिए अधिक लाभकारी होता है. राष्ट्रीय बागवानी अनुसंधान एवं विकास फाउंडेशन के संयुक्त निदेशक डॉ. रजनीश मिश्रा बताते हैं कि घरेलू स्तर पर ऐसे पौधों की खेती न केवल स्वास्थ्य के लिए बेहतर है, बल्कि यह पर्यावरण के लिए भी सकारात्मक कदम है.

घर में कैसे उगाएं सिंदूर का पौधा?

घर में सिंदूर का पौधा लगाना बेहद आसान है और इसके लिए ज्यादा जगह या संसाधनों की जरूरत नहीं होती. आप इसे गमले में भी आसानी से उगा सकते हैं. सबसे पहले एक मीडियम साइज का गमला लें और उसमें उपजाऊ मिट्टी, रेत और गोबर की खाद मिलाएं. इसके बाद बीज या कटिंग को लगभग 1 इंच गहराई में लगाएं. हल्की सिंचाई करें ताकि मिट्टी नम बनी रहे. इस पौधे को रोजाना 5-6 घंटे की धूप की जरूरत होती है, इसलिए इसे बालकनी या छत  पर रखना बेहतर होता है. गर्म और नम जलवायु में यह तेजी से बढ़ता है, इसलिए भारत के अधिकांश हिस्सों में इसे आसानी से उगाया जा सकता है.

देखभाल में आसान, फायदे में भरपूर

सिंदूर का पौधा उन लोगों के लिए खास है जो कम देखभाल वाले पौधे  पसंद करते हैं. इसे ज्यादा पानी या खास देखभाल की जरूरत नहीं होती. हफ्ते में 1-2 बार पानी देना पर्याप्त होता है, लेकिन ध्यान रखें कि गमले में पानी जमा न हो. महीने में एक बार ऑर्गेनिक खाद जैसे नीम खली डालने से पौधा स्वस्थ रहता है. समय-समय पर इसकी छंटाई (प्रूनिंग) करने से यह घना और सुंदर बनता है. डॉ. मिश्रा के अनुसार, घरेलू बागवानी से न केवल शुद्ध उत्पाद मिलते हैं, बल्कि यह मानसिक संतुलन और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद करता है.

कब और कैसे बनाएं प्राकृतिक सिंदूर?

जब पौधा परिपक्व हो जाता है, तो इसमें फूल आते हैं और बाद में कांटेदार फल विकसित होते हैं. ये फल जब पककर भूरे हो जाते हैं और फटने लगते हैं, तब इन्हें तोड़ लेना चाहिए. फल के अंदर मौजूद लाल बीजों को निकालकर सुखा लें. इसके बाद इन्हें हाथ से मसलें या पीस लें-आपको एक सुंदर लाल पाउडर मिलेगा, जो प्राकृतिक सिंदूर  है. यदि चाहें तो इसमें थोड़ा घी या तेल मिलाकर गीला सिंदूर भी बना सकते हैं. ये सिंदूर पूरी तरह केमिकल-फ्री होता है और त्वचा के लिए सुरक्षित रहता है. साथ ही, यह धार्मिक और सांस्कृतिक उपयोग के लिए भी एक शुद्ध विकल्प प्रदान करता है.

Topics: