Guava Farming: साल में तीन बार कमाई कराएगी अमरूद की ये खास किस्म, शुरू करें प्लांटेशन
अमरूद की जापानी किस्म किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है. यह साल में तीन बार फल देती है और कम समय में अच्छी पैदावार देती है. सही देखभाल और तकनीक अपनाकर किसान कम लागत में ज्यादा उत्पादन लेकर बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं और अपनी आय बढ़ा सकते हैं.
Guava Farming: अगर आप ऐसी खेती की तलाश में हैं जिससे कम समय में ज्यादा मुनाफा मिल सके, तो अमरूद की यह खास किस्म आपके लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है. जापानी रेड डायमंड (Japanese Red Diamond) अमरूद अपनी खासियत के कारण तेजी से किसानों के बीच लोकप्रिय हो रही है. NHRDF के संयुक्त निदेशक डॉ. रजनीश मिश्रा के अनुसार, सही तरीके से इसकी खेती करने पर किसान साल में तीन बार फल लेकर अच्छी कमाई कर सकते हैं. बारिश के समय प्लांटेशन करना फायदेमंद रहता है.
पहले साल से ही शुरू हो जाता है फलन
डॉ. रजनीश मिश्रा बताते हैं कि इस अमरूद की खासियत ये है कि पौधा लगाने के कुछ ही महीनों बाद इसमें फल आना शुरू हो जाता है. आमतौर पर 8 महीने के अंदर फल दिखाई देने लगते हैं, लेकिन पहले साल में फल तोड़ देना बेहतर होता है, ताकि पौधा मजबूत बन सके. दूसरे साल से नियमित रूप से फल लेना शुरू किया जा सकता है, जिससे बेहतर उत्पादन मिलता है.
एक एकड़ में सैकड़ों पौधे, कम लागत में शुरुआत
इस किस्म की खेती के लिए एक एकड़ जमीन में करीब 400 पौधे लगाए जा सकते हैं. शुरुआती लागत लगभग डेढ़ लाख रुपये तक आती है, जिसमें पौधे, देखभाल और अन्य खर्च शामिल होते हैं. सही देखभाल और तकनीक अपनाने पर दूसरे साल से ही हर पौधे से औसतन 10 से 12 किलो तक अमरूद मिलने लगता है, जिससे किसान की आमदनी शुरू हो जाती है.
तीसरे साल में बंपर उत्पादन
तीसरे साल में यह पौधा पूरी तरह तैयार हो जाता है और तब इसका उत्पादन तेजी से बढ़ता है. हर पौधे से 35 से 40 किलो तक अमरूद मिल सकता है. इस हिसाब से एक एकड़ में हजारों किलो फल का उत्पादन संभव है. बाजार में इस अमरूद की कीमत अच्छी मिलती है, क्योंकि इसका आकार बड़ा, रंग आकर्षक और स्वाद मीठा होता है.
साल में तीन बार फल, मुनाफा ही मुनाफा
इस अमरूद की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें साल में तीन बार फलन होता है. यानी किसान साल में तीन बार फसल लेकर लगातार कमाई कर सकते हैं. सही देखभाल, समय पर सिंचाई और पोषण देने से उत्पादन और भी बेहतर होता है. ऐसे में जापानी रेड डायमंड’ अमरूद की खेती किसानों के लिए एक शानदार विकल्प बनकर सामने आ रही है. डॉ. रजनीश मिश्रा के अनुसार, अगर किसान वैज्ञानिक तरीके अपनाएं, तो यह खेती कम लागत में ज्यादा मुनाफा देने वाली साबित हो सकती है और उनकी आय को तेजी से बढ़ा सकती है.