टमाटर की खेती से किसानों की बढ़ी कमाई, कम खर्च में एक एकड़ से लाखों का मुनाफा

टमाटर की खेती किसानों के लिए कम लागत में ज्यादा कमाई का शानदार विकल्प बनती जा रही है. मचान विधि, बेहतर उत्पादन और बाजार में लगातार बढ़ती मांग के कारण किसान अच्छी आय हासिल कर रहे हैं. सही देखभाल और आधुनिक तरीके अपनाकर कम जमीन में भी शानदार मुनाफा कमाया जा सकता है.

नोएडा | Updated On: 2 May, 2026 | 09:58 PM

Tomato Farming: आज के समय में किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ सब्जियों की खेती की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं. वजह साफ है, कम समय में ज्यादा मुनाफा. इन्हीं सब्जियों में टमाटर की खेती किसानों के लिए कमाई का बड़ा जरिया बनती जा रही है. बाजार में पूरे साल टमाटर की मांग बनी रहती है, इसलिए इसकी खेती किसानों को अच्छा फायदा दे रही है. खास बात यह है कि अब किसान नई तकनीकों और मचान विधि का इस्तेमाल करके कम जमीन में भी बेहतर उत्पादन ले रहे हैं. सही देखभाल और बाजार की समझ के साथ टमाटर की खेती किसानों की आय बढ़ाने का मजबूत विकल्प बन चुकी है.

मचान विधि से बढ़ रहा उत्पादन

टमाटर की खेती  अब पुराने तरीके से नहीं बल्कि आधुनिक तकनीकों के जरिए की जा रही है. किसानों का कहना है कि मचान विधि से टमाटर उगाने पर फसल जमीन से ऊपर रहती है, जिससे पौधों में सड़न और बीमारी कम लगती है. इसके अलावा पौधों को पर्याप्त हवा और धूप मिलती रहती है, जिससे फल अच्छी गुणवत्ता के तैयार होते हैं. इस विधि में पौधों को रस्सियों और बांस के सहारे ऊपर की तरफ बढ़ाया जाता है. इससे खेत में टमाटर तोड़ना भी आसान हो जाता है और उत्पादन में बढ़ोतरी देखने को मिलती है. कई किसान अब इसी तकनीक को अपनाकर कम लागत में ज्यादा पैदावार हासिल कर रहे हैं.

सही मिट्टी और देखभाल से मिलता है बेहतर फायदा

टमाटर की खेती के लिए दोमट और बलुई मिट्टी सबसे बेहतर मानी जाती है. किसान पहले नर्सरी में पौधे तैयार करते हैं और बाद में उन्हें खेत में रोपाई करते हैं. कुछ किसान सीधे बीज बोकर भी खेती करते हैं. अच्छी फसल के लिए समय पर सिंचाई, खाद और पौधों की निगरानी जरूरी होती है. गर्मियों के मौसम में टमाटर की फसल को ज्यादा देखभाल की जरूरत पड़ती है. तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से पौधों के सूखने का खतरा बना रहता है. इसके अलावा सफेद मक्खी और पत्ता मरोड़ जैसे रोग भी फसल को नुकसान पहुंचाते हैं. ऐसे में किसान जैविक कीटनाशकों का इस्तेमाल कर रहे हैं ताकि फसल सुरक्षित रहे और उत्पादन पर असर न पड़े.

बाजार में लगातार बनी रहती है मांग

टमाटर ऐसी सब्जी है जिसकी जरूरत लगभग हर घर में होती है. यही कारण है कि बाजार में इसकी मांग लगातार बनी रहती है. किसानों का कहना है कि अगर फसल की सही तरीके  से देखभाल की जाए और समय पर बाजार तक पहुंचाया जाए, तो अच्छी कीमत आसानी से मिल जाती है. थोक बाजार में भले ही कीमत कम मिले, लेकिन फुटकर बिक्री में किसानों को ज्यादा फायदा होता है. कई किसान अब सीधे मंडियों और स्थानीय बाजारों में टमाटर बेच रहे हैं, जिससे उनकी कमाई बढ़ रही है. अच्छी गुणवत्ता वाले टमाटर बाजार में जल्दी बिक जाते हैं और किसानों को बेहतर दाम मिलते हैं.

एक एकड़ में लाखों तक की कमाई

किसानों के अनुसार टमाटर की खेती में शुरुआत में कुछ खर्च जरूर आता है, लेकिन मुनाफा भी शानदार होता है. एक बीघा खेत में खेती करने पर करीब 20 हजार रुपये तक का खर्च आता है. वहीं अगर फसल अच्छी हो जाए तो एक एकड़ में एक लाख रुपये से ज्यादा का मुनाफा कमाया जा सकता है. विशेषज्ञ भी मानते हैं कि अगर किसान आधुनिक तकनीक, सही समय पर सिंचाई और रोग नियंत्रण  पर ध्यान दें तो टमाटर की खेती उनकी आय बढ़ाने का मजबूत जरिया बन सकती है. यही वजह है कि अब बड़ी संख्या में किसान पारंपरिक फसलों की जगह सब्जियों की खेती की तरफ रुख कर रहे हैं.

Published: 2 May, 2026 | 11:30 PM

Topics: