कृषि मंत्री बोले- ‘उन्नत कृषि महोत्सव 2026’ से किसानों को फायदा.. बढ़ेगी कमाई और मिलेंगे बाजार के अवसर
यह राष्ट्रीय कृषि मेला 'सरकारी योजनाओं का साथ, बिचौलियों से मुक्त बाजार' और 'सुरक्षित उपज, समृद्ध किसान' जैसी थीम पर आधारित है. इसमें कृषि अवसंरचना कोष के तहत वेयरहाउस और कोल्ड स्टोरेज पर मिलने वाली सरकारी छूट और ब्याज सहायता की जानकारी दी जाएगी.
Agriculture News: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रायसेन में 11 से 13 अप्रैल तक होने वाला ‘उन्नत कृषि महोत्सव 2026’ किसानों के लिए एक बड़ा गेम-चेंजर साबित होगा. उनके अनुसार यह सिर्फ एक मेला नहीं, बल्कि ऐसा मंच है जहां किसानों को नई तकनीक, बेहतर खेती के तरीके और नए बाजार के अवसर मिलेंगे, जिससे उनकी आय और जीवन में सुधार आएगा. उन्होंने अधिकारियों के साथ मेला स्थल का निरीक्षण किया, जरूरी निर्देश दिए और प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जो किसानों के लिए नई उम्मीद और बेहतर भविष्य का मौका लेकर आ रहा है.
रायसेन के दशहरा मैदान में होने वाले इस कृषि महोत्सव में करीब 300 स्टॉल लगाए जाएंगे. पूरे आयोजन स्थल को तीन बड़े हैंगर और तीन सेमिनार हॉल में तैयार किया गया है. पहले हैंगर में खेती से जुड़ी आधुनिक तकनीक, मशीनरी, सिंचाई, बीज, फसल सुरक्षा, मृदा पोषण और रिसर्च से जुड़े संस्थानों जैसे CGIAR के लिए अलग-अलग सेक्शन बनाए गए हैं. दूसरे हैंगर में पशुपालन, डेयरी, सिंचाई कंपनियां, और प्रमुख संस्थान जैसे NAFED, NCCF, NSC और ICAR के साथ किसान उत्पादक संगठनों और ग्रामीण विकास मंत्रालय के स्टॉल होंगे. तीसरे हैंगर को सांस्कृतिक और उद्घाटन हॉल के रूप में तैयार किया गया है, जहां बड़ा मंच और किसानों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था होगी.
इस थीम पर आधारित होगा मेला
यह राष्ट्रीय कृषि मेला ‘सरकारी योजनाओं का साथ, बिचौलियों से मुक्त बाजार’ और ‘सुरक्षित उपज, समृद्ध किसान’ जैसी थीम पर आधारित है. इसमें कृषि अवसंरचना कोष के तहत वेयरहाउस और कोल्ड स्टोरेज पर मिलने वाली सरकारी छूट और ब्याज सहायता की जानकारी दी जाएगी, ताकि किसान अपनी फसल को सुरक्षित रखकर सही समय पर अच्छे दाम पा सकें.
- ब्लैक थ्रिप्स से आम की फसल प्रभावित.. उत्पादन कम होने से कीमतों में बढ़ोतरी, 23000 रुपये क्विंटल रेट
- देश में 180 लाख टन से ज्यादा है खाद का स्टॉक, खरीफ सीजन में उर्वरक आपूर्ति को लेकर केंद्र ने बनाई रणनीति
- सरसों के उत्पादन में 3.64 फीसदी की बढ़ोतरी, राजस्थान पहले स्थान पर.. जानें MP, यूपी, हरियाणा का हाल
ट्रैक्टर और खेती के उपकरणों की प्रदर्शनी
इस मेले में किसानों के लिए कई खास सुविधाएं होंगी, जैसे आधुनिक ट्रैक्टर और खेती के उपकरणों की प्रदर्शनी, उन्नत बीज और खाद की जानकारी, जैविक खेती के स्टॉल, डेयरी, पोल्ट्री और मछली पालन से जुड़ी जानकारी. साथ ही किसानों को मुफ्त प्रशिक्षण दिया जाएगा. सरकारी योजनाओं की लाइव जानकारी मिलेगी और कृषि स्टार्ट-अप्स अपनी नई पहल प्रस्तुत करेंगे. सबसे खास बात यह है कि किसान सीधे वैज्ञानिकों और अधिकारियों से बात कर अपनी समस्याओं का समाधान भी पा सकेंगे.
10 अप्रैल की शाम प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन
कार्यक्रम के अनुसार 10 अप्रैल की शाम प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन होगा. 11 अप्रैल की सुबह मुख्य समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में किसानों को संबोधित करेंग. वहीं 13 अप्रैल की शाम समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी शामिल होंगे, जहां रायसेन, विदिशा, सीहोर और आसपास के इलाकों के लिए कृषि रोडमैप पेश किया जाएगा. इस मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह मेला किसानों के जीवन में नई ऊर्जा और नई दिशा लाएगा और उनकी तकदीर बदलने का बड़ा अवसर साबित होगा.