शुगर इंस्टीट्यूट और बलरामपुर चीनी मिल बनाएंगे उन्नत गन्ना बीज, किसानों को मिलेगी मुफ्त ट्रेनिंग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश शुगर केन रिसर्च संस्थान और बलरामपुर चीनी मिल टिशू कल्चर तकनीक से उन्नत गन्ना बीज का उत्पादन करेंगे. किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर और गन्ना उत्पादन प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए ट्रेनिंग दी जाएगी.
योगी सरकार ने गन्ना अनुसंधान को रफ्तार देने के लिए नए उन्नत बीजों की उपलब्धता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. इसके तहत उत्तर प्रदेश काउंसिल ऑफ शुगर केन रिसर्च संस्थान (यूपीसीएसआर) और बलरामपुर चीनी मिल (बीसीएमएल) मिलकर टिश्यू कल्चर विधि से उन्नत किस्म के बीज का विकास और विस्तार करेंगे. दोनों संस्थान गन्ना किसानों को गन्ना उत्पादन बढ़ाने और कम लागत के लिए सटीक खेती की तकनीक सिखाएंगे. इसके लिए उन्हें मुफ्त ट्रेनिंग भी दी जाएगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
योगी सरकार प्रदेश के गन्ना किसानों की आय कई गुना बढ़ाने एवं गन्ना उत्पादन को बढ़ाने के लिए लगातार नवाचार और तकनीकी सुधारों पर जोर दे रही है. इसी के तहत योगी सरकार ने गन्ना अनुसंधान को नया आयाम देते हुए टिशू कल्चर तकनीक के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाले बीज उत्पादन की दिशा में पहल की है. इस पहल से न केवल गन्ना किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि प्रदेश में चीनी उत्पादन और उत्पादकता को भी मजबूती मिलेगी.
शुगर संस्थान और बलरामपुर चीनी मिल का समझौता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश काउंसिल ऑफ शुगर केन रिसर्च (यूपीसीएसआर), शाहजहांपुर और बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड (बीसीएमएल), हैदरगढ़, बाराबंकी के बीच एमओयू साइन किया गया है. एमओयू का मुख्य उद्देश्य टिशू कल्चर तकनीक के जरिए गुणवत्तापूर्ण गन्ना बीज का उत्पादन बढ़ाना, किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और गन्ना उत्पादन प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है.
टिश्यू कल्चर लैब ग्रीन हाउस संचालन सीखेंगे किसान
गन्ना आयुक्त मिनिस्थी एस ने आधिकारिक बयान में कहा कि एमओयू के तहत प्रदेश में टिशू कल्चर आधारित बीज उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा. इसमें किसानों, मिल कर्मियों और तकनीकी कर्मचारियों को टिशू कल्चर लैब और ग्रीन हाउस संचालन, प्लांटलेट तैयार करने, हार्डनिंग और खेत में रोपाई जैसी प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी. प्रशिक्षण के दौरान टिशू कल्चर से जुड़े रसायनों, उपकरणों और विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर भी विशेष जोर रहेगा.
एक एकड़ में ज्यादा मात्रा में तैयार हो पाएंगे बीज
गन्ना आयुक्त ने कहा कि पारंपरिक विधियों की तुलना में टिशू कल्चर तकनीक से बीज उत्पादन अधिक तेज, शुद्ध और प्रभावी होता है. जहां पारंपरिक तरीके से एक एकड़ में सीमित मात्रा में बीज तैयार हो पाता है, वहीं टिशू कल्चर तकनीक के माध्यम से कम समय में बड़ी मात्रा में उच्च गुणवत्ता वाले बीज तैयार किए जा सकते हैं. इससे नई उन्नत किस्मों का तेजी से विस्तार संभव होगा और किसानों को बेहतर उत्पादन के अवसर मिलेंगे. किसानों को टिशू कल्चर प्लांटलेट्स को ग्रीन हाउस में हार्डनिंग के बाद खेतों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया सिखाई जाएगी. साथ ही, किसानों को भूमि तैयारी, सिंचाई, उर्वरक प्रबंधन और पौध संरक्षण से संबंधित आधुनिक तरीकों की जानकारी दी जाएगी, ताकि फसल की गुणवत्ता और उत्पादन सुधारा जा सके.
ट्रेनिंग के लिए खास मॉडल तैयार किए गए
गन्ना आयुक्त ने कहा कि एमओयू के तहत यूपीएससीआर और बीसीएमएल मिलकर गन्ने की उन्नत किस्मों के विकास और उनके विस्तार पर काम करेंगे. इसके साथ ही दोनों संस्थाएं मिलकर किसानों को ‘हैंड्स-ऑन’ ट्रेनिंग भी देंगी, जिससे वे इस तकनीक को आसानी से समझ सकें और अपने खेतों में लागू कर सकें. प्रशिक्षण के लिए विशेष मॉड्यूल तैयार किए गए हैं, जिनमें टिशू कल्चर की मूलभूत जानकारी से लेकर फील्ड ट्रांसफर तक की पूरी प्रक्रिया शामिल है.