Cow Health: गाय बार-बार जीभ घुमाती है? घबराएं नहीं, बस चारे में मिलाएं ये दो चीजें

गाय का बार-बार जीभ घुमाना कोई अशुभ संकेत नहीं, बल्कि शरीर में मिनरल की कमी का संकेत है. पशु चिकित्सकों के अनुसार चारे में नियमित नमक और मिनरल पाउडर मिलाने से यह समस्या ठीक हो सकती है. संतुलित आहार देने से पशु स्वस्थ और दूध उत्पादन बेहतर रहता है.

नोएडा | Updated On: 5 Mar, 2026 | 04:01 PM

Veterinary Advice: गांवों में जब कोई गाय बार-बार अपनी जीभ बाहर निकालकर घुमाने लगती है, तो कई लोग इसे अशुभ संकेत मान लेते हैं. कुछ लोग तो डर के कारण गाय बेचने तक का सोच लेते हैं. लेकिन सच्चाई यह है कि यह कोई शुभ-अशुभ का मामला नहीं, बल्कि खान-पान से जुड़ी एक सामान्य समस्या है. पशु चिकित्सक कुंवर घनश्याम (KVK Noida) के अनुसार, यह परेशानी ज्यादातर शरीर में खनिज तत्वों की कमी की वजह से होती है. सही देखभाल और साधारण इलाज से इसे आसानी से ठीक किया जा सकता है.

जीभ घुमाना बीमारी नहीं, कमी का संकेत

पशु चिकित्सक कुंवर घनश्याम (KVK Noida) के अनुसार कई बार गाय या बछड़ी बिना कारण जीभ घुमाती रहती है. लोग समझ नहीं पाते कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है. यह शरीर में मिनरल  यानी जरूरी पोषक तत्वों की कमी का संकेत है. जब गाय के शरीर में नमक, कैल्शियम या अन्य खनिज तत्व कम हो जाते हैं, तो उसका व्यवहार बदल सकता है. जीभ घुमाना उसी का एक लक्षण है. इसे अंधविश्वास से जोड़ने की जरूरत नहीं है.

चारे में मिलाएं मिनरल पाउडर और नमक

इस समस्या से बचने का आसान उपाय है-चारे में मिनरल मिक्सचर (मिनरल पाउडर) और नमक मिलाना. पशु चिकित्सक की सलाह है कि:-

नमक देने से पशु को प्यास लगती है, जिससे वह ज्यादा पानी पीता है और उसका पाचन ठीक रहता है. मिनरल पाउडर शरीर की कमी को पूरा करता है. कुछ ही दिनों में जीभ घुमाने की आदत कम हो जाती है.

संतुलित आहार है सबसे जरूरी

अक्सर किसान हरा चारा तो दे देते हैं, लेकिन संतुलित आहार  पर ध्यान नहीं देते. सिर्फ भूसा या हरा चारा काफी नहीं होता. पशु को अनाज, दाना और मिनरल भी जरूरी हैं. अगर गाय को संतुलित भोजन मिलेगा, तो वह स्वस्थ रहेगी, दूध भी अच्छा देगी और इस तरह की समस्याएं कम होंगी. पशुपालन में छोटी-छोटी बातें ही बड़े नुकसान से बचाती हैं. इसलिए नियमित रूप से पशु के खान-पान की जांच जरूरी है.

कब डॉक्टर से संपर्क करें?

अगर मिनरल और नमक देने के बाद भी कई हफ्तों तक सुधार न दिखे, तो पास के पशु चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए. कभी-कभी यह समस्या किसी दूसरी बीमारी का संकेत भी हो सकती है. पशु को सुस्ती, भूख न लगना या दूध कम देना जैसी दिक्कत भी हो तो जांच करानी चाहिए. समय पर इलाज  से बड़ा नुकसान टल सकता है.

अंधविश्वास से बचें, सही जानकारी अपनाएं

ग्रामीण इलाकों में कई बार पशु के व्यवहार को शुभ-अशुभ से जोड़ दिया जाता है. लेकिन डॉक्टरों का साफ कहना है कि हर बदलाव के पीछे कोई न कोई कारण होता है. गाय का जीभ घुमाना कोई अपशकुन नहीं, बल्कि शरीर में कमी का इशारा है. सही जानकारी और सही इलाज से इसे ठीक किया जा सकता है. अगर किसान ट्रेनिंग लेकर और जानकारी जुटाकर पशुपालन करें, तो नुकसान की संभावना कम होती है.

Published: 5 Mar, 2026 | 05:32 PM

Topics: