गर्मियों के दौरान मछली पालन में नुकसान का खतरा, इन उपायों से मछलियों को रखें स्वस्थ और सुरक्षित

गर्मी के मौसम में मछली पालन करना चुनौती भरा हो सकता है. तेज तापमान से पानी खराब हो जाता है और मछलियां बीमार पड़ सकती हैं. लेकिन सही देखभाल, पानी की जांच और संतुलित आहार से मछलियों को स्वस्थ रखा जा सकता है. इससे नुकसान कम होगा और उत्पादन बेहतर बना रहेगा.

नोएडा | Updated On: 19 Apr, 2026 | 07:52 PM

Fish Farming: गर्मी का मौसम मछली पालन करने वालों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होता. तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण तालाब का पानी जल्दी खराब हो जाता है, जिससे मछलियों की सेहत बिगड़ने लगती है. कई बार तो ऑक्सीजन की कमी के कारण मछलियां मर भी जाती हैं. लेकिन अगर कुछ आसान उपाय अपनाए जाएं, तो इस नुकसान से बचा जा सकता है और मछलियों को पूरी तरह स्वस्थ रखा जा सकता है.

गर्मी में क्यों बिगड़ती है मछलियों की सेहत

गर्मी के दिनों में तालाब का पानी  तेजी से गर्म हो जाता है. जैसे-जैसे पानी का तापमान बढ़ता है, उसमें ऑक्सीजन की मात्रा कम होने लगती है. इसका सीधा असर मछलियों पर पड़ता है. वे सुस्त हो जाती हैं, खाना कम खाती हैं और बीमार पड़ने लगती हैं. इसलिए इस मौसम में पानी की गुणवत्ता पर खास ध्यान देना जरूरी होता है.

पानी की सही मात्रा और सफाई रखें बनाए

गर्मी में तालाब का पानी जल्दी गंदा  हो जाता है, इसलिए समय-समय पर इसकी जांच करना जरूरी है.
ध्यान रखें कि तालाब में पानी का स्तर करीब 5 से 5.5 फीट तक बना रहे. अगर पानी कम होगा, तो तापमान जल्दी बढ़ेगा और मछलियों को ज्यादा नुकसान होगा. इसके साथ ही, समय-समय पर पानी बदलना भी जरूरी है, ताकि मछलियों को साफ और ठंडा वातावरण मिल सके.

चूना और दवा से रखें पानी संतुलित

गर्मी में पानी का पीएच और ऑक्सीजन संतुलन बिगड़  जाता है. इसे ठीक रखने के लिए पानी में उचित मात्रा में चूना मिलाना फायदेमंद होता है. इसके अलावा, तालाब में गंदगी और संक्रमण से बचाने के लिए हल्की मात्रा में पोटेशियम परमैंगनेट का छिड़काव किया जा सकता है. यह पानी को साफ रखता है और मछलियों को बीमारियों से बचाने में मदद करता है.

सही आहार और जगह से बढ़ेगी मछलियों की सेहत

गर्मी में मछलियों को सूखा चारा देने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे उनका पाचन खराब हो सकता है.
इसके बजाय पानी में गुड़ या ग्लूकोज मिलाकर उसमें विटामिन C डालकर देना बेहतर होता है. इससे मछलियों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है. इसके साथ ही, अगर तालाब में मछलियां ज्यादा हो जाएं, तो कुछ मछलियों को दूसरे तालाब में भेज देना चाहिए. इससे उन्हें पर्याप्त जगह और ऑक्सीजन मिलती है और उनका विकास बेहतर होता है. गर्मी के मौसम में थोड़ी सी सावधानी मछली पालन को घाटे से बचा सकती है. सही देखभाल, साफ पानी और संतुलित आहार से मछलियों को स्वस्थ रखा जा सकता है और उत्पादन भी अच्छा बना रहता है.

Published: 19 Apr, 2026 | 10:28 PM

Topics: