Success Story: PMMSY से बदली किस्मत! मछली पालन से सुल्तान मीर कमा रहे सालाना 6 लाख रुपये
PMMSY Scheme: सरकार की PMMSY योजना के तहत मछली पालन आज युवाओं के लिए कमाई का शानदार जरिया बनता जा रहा है. 40 प्रतिशत सब्सिडी और RAS तकनीक की मदद से कम लागत में शुरू किया गया यह व्यवसाय सालाना लाखों की आमदनी दे सकता है. सही मार्गदर्शन और मेहनत से यह स्वरोजगार का मजबूत विकल्प साबित हो रहा है.
Success Story: आज के समय में जहां नौकरी पाना आसान नहीं है, वहीं कई युवा अब स्वरोजगार की राह चुनकर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं. सरकार की योजनाएं भी इसमें बड़ी भूमिका निभा रही हैं, जो युवाओं को आर्थिक सहायता और सही दिशा दे रही हैं. जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा के रहने वाले मेहजूर सुल्तान मीर इसका एक बेहतरीन उदाहरण हैं, जिन्होंने मछली पालन के क्षेत्र में कदम रखकर न सिर्फ अपनी आमदनी बढ़ाई, बल्कि दूसरों के लिए भी प्रेरणा बन गए. उनकी सफलता यह साबित करती है कि सही जानकारी, मेहनत और सरकारी सहयोग से कोई भी अपने भविष्य को बेहतर बना सकता है.
मछली पालन: कम लागत में ज्यादा मुनाफा
मछली पालन आज के समय में एक ऐसा व्यवसाय बन चुका है, जिसमें कम लागत लगाकर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है. खासकर ट्राउट मछली पालन जैसे आधुनिक तरीकों से किसान और युवा अपनी आय को कई गुना बढ़ा सकते हैं. सही तकनीक और प्रशिक्षण के साथ यह व्यवसाय तेजी से बढ़ता है और साल भर आय का स्रोत बना रहता है.
PMMSY योजना से बदली मेहजूर सुल्तान मीर की किस्मत
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के रहने वाले मेहजूर सुल्तान मीर ने अपनी मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर एक सफल मिसाल कायम की है. उन्होंने वर्ष 2021 में मत्स्य पालन के क्षेत्र में कदम रखने का फैसला किया और मत्स्य विभाग से संपर्क कर ट्राउट मछली पालन के लिए RAS यूनिट स्थापित की. प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) के तहत उन्हें 40 प्रतिशत सब्सिडी भी मिली, जिससे शुरुआती लागत कम हो गई और काम शुरू करना आसान हो गया. विभाग की तकनीकी सहायता और अपनी लगन के बल पर आज वह इस यूनिट को सफलतापूर्वक चला रहे हैं.
इस व्यवसाय से वह हर साल करीब 5 से 6 लाख रुपये की कमाई कर रहे हैं, जिससे न सिर्फ उनका घर अच्छे से चल रहा है बल्कि उनके गांव के कुछ अन्य लोगों को भी रोजगार मिला है. उनकी यह सफलता कहानी दिखाती है कि सही योजना और मेहनत के साथ कोई भी युवा आत्मनिर्भर बन सकता है.
RAS तकनीक से आसान हुआ उत्पादन
आजकल मछली पालन में रीसर्कुलेटिंग एक्वाकल्चर सिस्टम (RAS) का इस्तेमाल बढ़ रहा है. इस तकनीक में कम पानी में भी अधिक मछलियों का पालन किया जा सकता है. साथ ही, पानी की गुणवत्ता को बनाए रखना आसान होता है, जिससे मछलियों की ग्रोथ बेहतर होती है और उत्पादन भी बढ़ता है. RAS तकनीक छोटे स्तर पर भी शुरू की जा सकती है, जिससे यह नए उद्यमियों के लिए एक बेहतर विकल्प बनती जा रही है.
सरकार की 40 प्रतिशत सब्सिडी से मिला सहारा
PMMSY योजना के तहत सरकार मछली पालन से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर करीब 40 फीसदी तक सब्सिडी देती है. इससे शुरुआती लागत का बोझ कम हो जाता है और लोग बिना ज्यादा आर्थिक दबाव के अपना काम शुरू कर पाते हैं. इसके अलावा, संबंधित विभाग द्वारा प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और मार्गदर्शन भी दिया जाता है, जिससे व्यवसाय को सही दिशा मिलती है.
PMMSY योजना में आवेदन कैसे करें?
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) के तहत मछली पालन शुरू करने के लिए आवेदन प्रक्रिया काफी आसान रखी गई है. सही जानकारी और जरूरी दस्तावेजों के साथ कोई भी इच्छुक व्यक्ति इस योजना का लाभ उठा सकता है.
- नजदीकी मत्स्य विभाग से संपर्क करें: सबसे पहले अपने जिले के फिशरीज (मत्स्य) विभाग या ब्लॉक स्तर के अधिकारी से संपर्क करें. यहां आपको योजना से जुड़ी पूरी जानकारी और गाइडेंस मिल जाएगी.
- प्रोजेक्ट प्लान तैयार करें: आपको यह तय करना होगा कि आप किस प्रकार का मछली पालन शुरू करना चाहते हैं, जैसे – तालाब, टैंक या RAS सिस्टम. विभाग इसमें आपकी मदद भी करता है.
- आवेदन फॉर्म भरें: संबंधित विभाग से आवेदन फॉर्म लेकर उसे सही जानकारी के साथ भरें और जरूरी दस्तावेज संलग्न करें.
- दस्तावेज जमा करें: आवेदन के साथ पहचान पत्र, आधार कार्ड, बैंक डिटेल, जमीन से जुड़े कागज (अगर लागू हो) और फोटो जमा करनी होती है.
- वेरिफिकेशन और मंजूरी: विभाग द्वारा आपके प्रोजेक्ट और दस्तावेजों की जांच की जाती है. सब कुछ सही पाए जाने पर योजना के तहत मंजूरी मिल जाती है.
- सब्सिडी का लाभ: मंजूरी मिलने के बाद आपको प्रोजेक्ट के अनुसार 40 प्रतिशत क सब्सिडी दी जाती है, जिससे व्यवसाय शुरू करना आसान हो जाता है.