रंगबिरंगी गोभी उगाकर लखपति बने प्रकाश सिंह.. सीजन में कमाए 4 लाख रुपये, खेती सीखने पहुंच रहे दूसरे किसान
Uttarakhand Farmers Success Story: प्रगतिशील किसान प्रकाश सिंह ने पारंपरिक खेती को आधुनिक तरीके में बदलकर अपनी कमाई बढ़ाने में सफलता हासिल की है. गुलाबी रंग गोभी की खेती कर उन्होंने न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की, बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों को भी नई दिशा दिखाई है.
Uttarakhand News: उत्तराखंड के प्रगतिशील किसान प्रकाश सिंह आज खेती के क्षेत्र में एक मिसाल बनकर उभर रहे हैं. पारंपरिक खेती से आगे बढ़ते हुए उन्होंने सब्जी उत्पादन को अपनी आय का मुख्य आधार बनाया है. उन्होंने रंगबिरंगी गोभी किस्में उगाकर लाखों की कमाई करने में सफलता हासिल की है. उन्होंने कहा कि वह सफेद, हरी, गुलाबी रंग की गोभी उगाते हैं. इसके लिए उन्होंने उद्यान विभाग से बीज और खेती की ट्रेनिंग ली है. वह सीजन में 4 लाख रुपये तक की कमाई कर पा रहे हैं.
उत्तराखंड राज्य के बागेश्वर जिले के वलना गांव में रहने वाले प्रगतिशील किसान प्रकाश सिंह ने पारंपरिक खेती को आधुनिक तरीके में बदलकर अपनी कमाई बढ़ाने में सफलता हासिल की है. उन्होंने सब्जी उत्पादन को अपनी आय का मुख्य आधार बनाया है. खासतौर पर गुलाबी गोभी की खेती कर उन्होंने न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की, बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों को भी नई दिशा दिखाई है. वह हरी गोभी भी उगा रहे हैं.
गुलाबी गोभी स्वाद में बेहतर और पोषण से भरपूर
उद्यान विभाग की ओर जारी बयान में कहा गया है कि सफल किसान प्रकाश सिंह कई रंगों की गोभी उगा रहे हैं. किसान ने कहा कि गुलाबी गोभी एंथोसायनिन नामक एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती है, जो कैंसर जैसे घातक रोगों से बचाव करने के साथ ही आंखों की रोशनी बढ़ाने में सहायक मानी जाती है. किसान प्रकाश सिंह ने मीडिया को बताया कि वह वेलेंटीना किस्म की गोभी उगा रहे हैं, जो गुलाबी रंग की वजह से खरीदारों के लिए आकर्षण बनी हुई है. इसका स्वाद भी बढ़िया है तो जो एक बार ले जाता है वह फिर से लेने आता है.
- Agriculture Budget: कृषि योजनाओं के लिए नहीं बढ़ा बजट, खेती पर खर्च होंगे 1.62 लाख करोड़ रुपये.. पढ़ें डिटेल्स
- Budget 2026: ‘विकसित भारत’ का दावा या जनता को धोखा? बजट पेश होते ही ममता से अखिलेश तक भड़के विपक्षी नेता!
- बजट में रिफॉर्म्स पर फोकस.. ग्रामीण विकास समेत इन सेक्टर्स को बूस्ट देने की घोषणाएं, पढ़ें- कृषि मंत्री ने क्या कहा
सीजन में 4 लाख रुपये कमा रहे किसान प्रकाश
प्रकाश सिंह ने कहा कि वह जैविक तरीके से गोभी उगाते हैं, जिससे उसका स्वाद भी बढ़िया है. वे पूरे साल विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उत्पादन करते हैं. इनमें वेलेंटीना गोभी के साथ-साथ पत्ता गोभी, मटर, कद्दू वर्गीय सब्जियां और अन्य मौसमी फसलें भी वह उगाते हैं. उनकी फसल की गुणवत्ता इतनी बेहतर है कि बाजार में 60 रुपये प्रति किलो की दर से उनकी गोभी बिक रही है. उन्होंने कहा कि सीजन के हिसाब से 4 लाख रुपये तक की आमदनी हो जा रही है. उनकी आमदनी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी से वह अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन गए हैं.
किसान प्रकाश सिंह (ऊपर) और उद्यान विभाग के अधिकारी शैलेश तिवारी (नीचे).
उद्यान विभाग ने दिया बीज और ट्रेनिंग
उद्यान विभाग के सहायक विकास अधिकारी शैलेश तिवारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि किसान प्रकाश सिंह को विभाग की ओर वेलेंटीना गोभी के बीज उपलब्ध कराए गए थे. अन्य जो सहायता की जरूरत थी वह उपलब्ध कराई गई है. किसान को ट्रेनिंग के साथ ही फसल उत्पादन के तरीके सिखाए गए हैं. उन्होंने कहा कि प्रकाश सिंह एक मेहनती और जागरूक किसान हैं, जो पूरे साल विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उत्पादन करते हैं. इससे उनकी आमदनी बढ़ी है और वह आसपास के किसानों के लिए भी प्रेरणा बने हैं.