गांव के स्कूलों में शिक्षकों के खाली पद भरे जाएंगे, 60 हजार नए शिक्षकों की नियुक्ति करेगी सरकार

उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने की तैयारी तेज हो गई है. नई भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रशासनिक स्तर पर काम जारी है, जिससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने और युवाओं को नए अवसर मिलने की उम्मीद बढ़ी है.

नोएडा | Published: 11 Jun, 2026 | 05:54 PM

UP Teacher Recruitment: उत्तर प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. प्रदेश सरकार बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में लंबे समय से खाली पड़े करीब 60 हजार शिक्षकों के पदों पर भर्ती की तैयारी कर रही है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का ई-अधियाचन पोर्टल सक्रिय होने के बाद भर्ती प्रक्रिया तेज हो गई है. ग्रामीण और नगर क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए विभाग जल्द ही रिक्त पदों का पूरा विवरण आयोग को भेजेगा.

नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पद खाली

बेसिक शिक्षा विभाग  के आंकड़ों के अनुसार परिषद के स्कूलों में लगभग 60 हजार शिक्षकों के पद रिक्त हैं. इनमें नगर क्षेत्र के विद्यालयों में 11,508 पद खाली हैं. इन पदों की जानकारी विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को पहले ही ऑफलाइन भेजी जा चुकी है. वहीं ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में करीब 48 हजार पद रिक्त बताए जा रहे हैं, जिनका विवरण ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भेजने की तैयारी चल रही है.

पहली बार शिक्षा सेवा चयन आयोग कराएगा भर्ती

प्रदेश में परिषदीय शिक्षकों की भर्ती  अब उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के माध्यम से होगी. इससे पहले यह जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) के पास थी. आयोग पहली बार बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों के चयन के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित करेगा. माना जा रहा है कि नई व्यवस्था से भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित होगी.

2018 के बाद नहीं हुई नई भर्ती

ग्रामीण क्षेत्र  के विद्यालयों के लिए वर्ष 2018 में शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी. इसके बाद से नई भर्ती नहीं हो सकी. वहीं नगर क्षेत्र के विद्यालयों में कई वर्षों से शिक्षक भर्ती नहीं होने के कारण शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है. इसी वजह से कई स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है. सरकार अब इन रिक्तियों को भरकर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कदम उठा रही है.

नियमावली अपडेट होने के बाद शुरू होगी प्रक्रिया

बेसिक शिक्षा विभाग भर्ती से पहले नियमावली में आवश्यक संशोधन कर रहा है. साथ ही हाई कोर्ट के आदेश  के अनुसार कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों में शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है. विभाग का कहना है कि जैसे ही पोर्टल पूरी तरह तैयार होगा, सभी रिक्त पदों का ऑनलाइन अधियाचन आयोग को भेज दिया जाएगा. इसके बाद भर्ती प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो सकेगी. उधर एडेड माध्यमिक विद्यालयों और महाविद्यालयों के रिक्त पदों का विवरण भी चरणबद्ध तरीके से आयोग के पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है.

Topics: