UIDAI का बड़ा ऐलान… अब आधार अपडेट करने पर नहीं लगेगी फीस

Aadhaar Update Free: आधार कार्ड उपयोगकर्ताओं के लिए अच्छी खबर है. UIDAI ने एक महत्वपूर्ण सुविधा को सीमित समय के लिए मुफ्त करने का फैसला लिया है. इससे लाखों लोगों को राहत मिलेगी और आधार रिकॉर्ड अपडेट रखना आसान होगा. ये कदम डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने के साथ सुरक्षा और सुविधा दोनों को मजबूत करेगा.

नोएडा | Updated On: 23 Jun, 2026 | 03:36 PM

UIDAI News: देश के करोड़ों आधार कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अगर आप अपने आधार कार्ड में ईमेल आईडी अपडेट करवाना चाहते हैं, तो अब इसके लिए जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने एक अहम फैसला लेते हुए आधार में ईमेल अपडेट करने की सुविधा को छह महीने के लिए पूरी तरह मुफ्त कर दिया है. ये छूट 1 जुलाई 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगी. अब तक इस सेवा के लिए लोगों को 75 रुपये (GST सहित) शुल्क देना पड़ता था, लेकिन नई व्यवस्था के तहत आधार मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल अपडेट कराने पर कोई फीस नहीं लगेगी.

6 महीने तक मुफ्त मिलेगा ईमेल अपडेट का लाभ

UIDAI की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, आधार मोबाइल ऐप का उपयोग करके ईमेल आईडी अपडेट कराने वाले सभी आधार धारकों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा. ये फैसला डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने और लोगों को अपने आधार रिकॉर्ड को समय-समय पर अपडेट रखने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लिया गया है. हालांकि, ये ध्यान रखना जरूरी है कि मुफ्त सुविधा केवल आधार मोबाइल ऐप के माध्यम से किए गए ईमेल अपडेट पर ही लागू होगी. अन्य माध्यमों से अपडेट कराने  पर निर्धारित शुल्क देना पड़ सकता है.

आधार से ईमेल लिंक होना क्यों है जरूरी?

आज के समय में आधार कार्ड  केवल पहचान पत्र नहीं, बल्कि कई सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं और डिजिटल सुविधाओं की कुंजी बन चुका है. ऐसे में आधार के साथ ईमेल आईडी लिंक होना बेहद महत्वपूर्ण हो गया है. ईमेल लिंक होने पर UIDAI की ओर से भेजी जाने वाली महत्वपूर्ण सूचनाएं सीधे आपके ईमेल इनबॉक्स में पहुंच जाती हैं. इससे आधार से जुड़ी हर गतिविधि पर आपकी नजर बनी रहती है और जरूरी जानकारी समय पर मिल जाती है.

सुरक्षा के लिहाज से भी मिलेगा बड़ा फायदा

आधार से ईमेल जुड़ा होने का सबसे बड़ा फायदा सुरक्षा के क्षेत्र में मिलता है. यदि आपके आधार का किसी प्रकार का गलत उपयोग होता है या कोई संदिग्ध गतिविधि दर्ज होती है, तो उसका अलर्ट ईमेल के माध्यम से तुरंत प्राप्त हो सकता है. इसके अलावा आधार सत्यापन, ऑथेंटिकेशन और अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं से जुड़े नोटिफिकेशन  भी सीधे ईमेल पर मिलते रहते हैं. इससे धोखाधड़ी और पहचान चोरी जैसी घटनाओं से बचाव में मदद मिल सकती है.

पुरानी ईमेल बदलने का भी सुनहरा मौका

कई लोगों की ईमेल आईडी बदल चुकी है या फिर आधार में अभी तक कोई ईमेल दर्ज ही नहीं है. ऐसे लोगों के लिए ये छह महीने का समय सुनहरा अवसर साबित हो सकता है. बिना किसी अतिरिक्त खर्च के वे अपने आधार रिकॉर्ड को अपडेट और सुरक्षित बना सकते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि आधार में सही मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज होने से डिजिटल सेवाओं का उपयोग आसान हो जाता है. ऐसे में UIDAI की यह पहल करोड़ों लोगों के लिए राहत और सुविधा दोनों लेकर आई है. अगर आपका ईमेल अभी तक आधार से लिंक नहीं है, तो 1 जुलाई से शुरू होने वाली इस मुफ्त सेवा का लाभ उठाना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.

Published: 23 Jun, 2026 | 03:36 PM

Topics: