गुजरात की जूस फैक्ट्री में मिले सड़े-गले और कीड़ों से भरे आम, FSSAI की बड़ी कार्रवाई में हुआ खुलासा

FSSAI Raid Gujarat: गुजरात के मेहसाणा में FSSAI ने एक जूस बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारा, जहां बड़ी मात्रा में सड़े-गले और कीड़ों वाले आम मिले. इन आमों का इस्तेमाल जूस बनाने में किया जा रहा था. अधिकारियों ने समय रहते यह खराब सामान जब्त कर लिया और दोषियों पर कार्रवाई की.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 3 Jun, 2026 | 03:29 PM

Rotten Mangoes Seized In Gujarat: भारत में आम का सीजन लोगों के लिए खुशी और स्वाद का समय होता है. इस दौरान बाजारों में अल्फांसो, केसर, लंगड़ा, दशहरी, बंगनपल्ली और तोतापुरी जैसे कई तरह के आम खूब बिकते हैं. लेकिन इसी बीच गुजरात से आई एक खबर ने लोगों को हैरान कर दिया है. इस घटना के बाद आम से बनने वाले जूस और दूसरे उत्पादों की क्वालिटी को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

मेहसाणा में अवैध जूस यूनिट पर छापा

फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में दिखाया गया है कि गुजरात के मेहसाणा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. यहां एक आम जूस बनाने वाली बड़ी फैक्ट्री पर छापा मारा गया, जहां बहुत बड़ी मात्रा में सड़े-गले आम पाए गए. जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि इन्हीं खराब आमों से जूस तैयार किया जा रहा था. वीडियो में यह भी साफ दिखता है कि आम पूरी तरह सड़ चुके थे और उनमें कीड़े और फंगस लगे हुए थे.

सड़े आम, कीड़े और फंगस का खतरनाक खेल

FSSAI के अधिकारियों के मुताबिक, ये सड़े हुए आम जूस बनाने के लिए जमा किए गए थे और इन्हें आगे प्रोसेस किया जाना था. लेकिन जब जांच की गई तो पता चला कि सारे आम बहुत खराब हालत में थे, उनमें कीड़े लगे हुए थे और फफूंदी भी पड़ चुकी थी. FSSAI ने बताया कि यह कार्रवाई गुजरात के खाद्य सुरक्षा विभाग ने की है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं. अच्छी बात यह रही कि यह छापा समय पर हो गया, जिससे ये खराब आम बाजार तक नहीं पहुंच पाए.

आम से बने उत्पादों की बढ़ती मांग

गर्मियों में भारत में आम से बने प्रोडक्ट्स की डिमांड बहुत बढ़ जाती है. इस समय लोग आम का जूस, आम पन्ना, मिल्कशेक, आइसक्रीम, कुल्फी, केक, कैंडी और सिरप जैसी चीजें खूब खाते-पीते हैं. कई जगहों पर इन्हें बड़े पैमाने पर यानी थोक में बनाया और बेचा जाता है. लेकिन इसी बढ़ती मांग का फायदा उठाकर कुछ लोग गलत तरीके अपनाते हैं. वे खराब या घटिया क्वालिटी के फलों का इस्तेमाल करके ज्यादा मुनाफा कमाने की कोशिश करते हैं. ऐसा करना लोगों की सेहत के लिए काफी खतरनाक हो सकता है.

हेल्थ के लिए खतरनाक

अगर सड़े या फफूंदी लगे फलों से कोई चीज बनाई जाए तो उसमें नुकसानदायक बैक्टीरिया और जहरीले तत्व हो सकते हैं. ऐसी चीजें खाने से फूड पॉइजनिंग हो सकती है, साथ ही पेट दर्द, उल्टी, दस्त और पाचन से जुड़ी गंभीर दिक्कतें भी हो सकती हैं. अगर लंबे समय तक ऐसे खराब खाने का सेवन किया जाए तो सेहत पर और भी गंभीर असर पड़ सकता है. इसलिए हमेशा साफ-सफाई वाले और भरोसेमंद जगहों से बने खाने-पीने के सामान ही इस्तेमाल करने चाहिए.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़